1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ब्राजील में बांध ढहने से मची तबाही, अब तक 40 की मौत 300 लापता

ब्राजील में बांध ढहने से मची तबाही, अब तक 40 की मौत 300 लापता

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 27, 2019 10:48 am IST,  Updated : Jan 27, 2019 10:48 am IST

दक्षिणपूर्वी ब्राजील में शुक्रवार को एक कोयला खदान पर बने बांध के ध्वस्त होने से मरने वालों की संख्या शनिवार तक बढ़ कर 40 हो गई।

Brazil Dam - India TV Hindi
Brazil Dam  Image Source : AP

दक्षिणपूर्वी ब्राजील में शुक्रवार को एक कोयला खदान पर बने बांध के ध्वस्त होने से मरने वालों की संख्या शनिवार तक बढ़ कर 40 हो गई। मलबे में अभी भी लोगों के दबे होने की आशंका है और बचाव कर्मी उन्हें खोजने की कोशिश कर रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार, 300 लोग लापता हैं और प्रशासन को मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। रुक रुक कर हो रही बारिश की वजह से बचाव कार्य में परेशानी हो रही है। कई लापता लोगों के परिजन अपनों की तलाश में लगे हैं।

मिनास गेराइस राज्य के गवर्नर रोमेयू जेमा ने वादा किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। खदान का स्वामित्व ब्राजील की कंपनी ‘वेल’ के पास है जो इसका संचालन भी करती है। शुक्रवार की दोपहर को जब बांध ध्वस्त हुआ तब कर्मचारी भोजन कर रहे थे। देखते ही देखते पूरा ढांचा ध्वस्त हो गया और हर तरफ केवल मलबा नजर आने लगा। 

राष्ट्रपति जैर बोलसोनारो और अधिकारियों ने इस हादसे को ‘‘त्रासदी’’ करार दिया है। शनिवार की दोपहर तक 40 शव निकाले जा चुके थे। मिनास गेराइस के दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 23 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बचाव कर्मियों ने शनिवार को 43 लोगों को जीवित निकाला जिससे उम्मीद है कि और लोग भी जीवित होंगे। 

कंपनी के अधिकारियों ने भी कहा कि करीब 100 कर्मचारी सुरक्षित मिल गए हैं। लेकिन शनिवार को ही कंपनी ने एक बयान में कहा कि 200 कर्मचारी अब तक लापता हैं जबकि दमकल अधिकारियों ने यह संख्या करीब 300 बताई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत