1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत चीन सीमा के पास बड़ा हादसा, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से पुल बहा, यातायात संपर्क टूटा

भारत चीन सीमा के पास बड़ा हादसा, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से पुल बहा, यातायात संपर्क टूटा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 05, 2020 11:42 pm IST,  Updated : Jun 05, 2020 11:42 pm IST

अरुणाचल प्रदेश के सुदूरवर्ती शि-योमि जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के कारण आई बाढ़ में पुल बह जाने से सड़क संपर्क टूट गया।

Flood River- India TV Hindi
Flood River Image Source : FILE

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के सुदूरवर्ती शि-योमि जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के कारण आई बाढ़ में पुल बह जाने से सड़क संपर्क टूट गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बुधवार रात को आलो-मेचुका रोड पर यापिक गांव के पास आरसीसी पुल के बाढ़ में टूट कर बह जाने के बाद चीन की सीमा से सटे शि-योमि जिले का संपर्क देश के बाकी हिस्सा से टूट गया। 

अधिकारियों ने बताया कि जिले तक लोगों की आवाजाही और आवश्यक वस्तुओं का परिवहन बुरी तरह से प्रभावित होगा क्योंकि पुल को बहाल करने में कई दिन लगेंगे। अधिकारियों ने बताया कि मेचुका और आलो के बीच यात्रा करने वाले लोग भी फंसे हुए हैं। इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए, राज्य विधानसभा अध्यक्ष पासंग डी सोना ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) से युद्धस्तर पर काम करके पुल को बहाल करने का आग्रह किया है। सोना इस जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं। 

पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट स्थित बीआरओ की परियोजना ब्रह्मांक के मुख्य अभियंता को लिखे पत्र में, अध्यक्ष ने कहा है ‘‘ आलो-मेचुका रोड पूरे शि-योमी जिले में लोगों की आवाजाही, आवश्यक वस्तुओं, जीवनरक्षक दवाओं, निर्माण सामग्री के परिवहन और रक्षा कर्मियों की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण और रणनीतिक सड़क है। लोगों की समस्याएं दूर करने और संपर्क बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर इस पुल का निर्माण करना जरूरी है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत