नई दिल्ली: दिल्ली के सरोजनी नगर के पास अर्जुन नगर में रविवार सुबह चार मंजिला इमारत झुक गई। इसके साथ उससे लगी एक दूसरी दो मंजिला इमारत भी झुक गई और दूसरे मकानों से जाकर लग गई जिससे दूसरे मकानों में भी दरार पड़ गई। इमारतों के झुकते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना के बाद एमसीडी और पुलिस मौके पर पहुंचे।
पहले ये सुनुश्चित किया गया कि बिल्डिंग में कोई है तो नहीं इसके बाद एमसीडी ने जेसीबी मशीन के जरिए रविवार को ही इन बिल्डिंग को गिराया। इमारतों के झुकने और गिराने से हालांकि जान का नुकसान नहीं हुआ है। जिस वक्त इमारत झुकी उस वक्त एक दो लोग मामूली रूप से घायल हुए थे।
यह घटना सुबह 9.10 बजे की है। अर्जुन नगर स्थित 40 साल पुरानी यह चार मंजिला इमारत अचानक दायीं ओर तेजी से झुकने लगी। पड़ोसियों ने बताया कि इसके झुकने से पहले तेज आवाज आई थी। इससे भूतल का एक बड़ा हिस्सा बाहर आ गया था। इसको देख आसपास के लोग उसके सामने इकट्ठा हो गए और दोनों ही इमारतों में रह रहे लोगों को वहां से बाहर निकाला।
इलाके के लोगो का कहना है कि कुछ दिन पहले आए भूकंप से इमारतों में दरार आ गई थी और तब से बिल्डिंग खाली करा ली गई थी। लेकिन हैरानी की बात ये है कि इमारत जिन मकानों पर झुकी थी उनमे भी दरार आ गई है लेकिन लोग अभी भी यहा रह रहे, जिससे इलाके में खतरा अब भी बरकरार है।