ऋषिकेश: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की कोविड—19 की एंटीजन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया कि कौशिक को रविवार की देर शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इससे पहले, कौशिक कोरोना वायरस संक्रमित एक व्यक्ति के संपर्क में आने के कारण शनिवार से ही पूरी तरह पृथकवास में थे और रविवार को उनकी एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सरकारी सूत्रों ने बताया कि पीसीआर जांच रिपोर्ट सोमवार को आएगी लेकिन जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सलाह पर उन्होंने एम्स में भर्ती होने का निर्णय किया।
वहीं, देहरादून शहर के धर्मपुर क्षेत्र के विधायक विनोद चमोली भी कोविड—19 से पीड़ित होने के कारण यहां पत्नी सहित पिछले चार दिनों से भर्ती हैं। इसके अलावा, बेटे और भतीजी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल भी अपने स्टाफ के साथ अगले कुछ दिनों के लिए घर में ही पृथकवास में चले गये हैं।
प्रदेश में अब तक 24000 से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं जबकि कुल 341 मरीज इस महामारी से जान गंवा चुके हैं। उत्तराखंड में रविवार को कोविड-19 के 668 नए मामले आने के साथ ही महामारी से पीड़ितों का आंकड़ा 24,629 हो गया। वहीं 11 और मरीजों की संक्रमण से मृत्यु हो गयी।
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, कोरोना वायरस से संक्रमित सर्वाधिक 235 नए मामले देहरादून जिले से हैं, वहीं हरिद्वार में 103, उधमसिंह नगर में 69 और उत्तरकाशी में 54 मरीज सामने आए।
रविवार को संक्रमण से प्रदेश में 11 और मरीजों की मौत हो गई। इनमें से पांच ने दून मेडिकल कॉलेज में दम तोडा जबकि चार अन्य मरीजों ने एम्स ऋषिकेश में अंतिम सांस ली। दो अन्य की मृत्यु हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में हुई।
अब तक प्रदेश में महामारी से मरने वालों की संख्या 341 हो चुकी है। प्रदेश में अब तक कुल 16,573 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 7,640 है। प्रदेश में कोविड 19 के 75 मरीज प्रदेश से बाहर चले गए हैं।