1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद, मौसम ने लिया यू-टर्न, बारिश के आसार

गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद, मौसम ने लिया यू-टर्न, बारिश के आसार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 16, 2019 10:58 am IST,  Updated : Jun 16, 2019 10:58 am IST

देश के कई इलाकों में लू की स्थिति लगातार बनी हुई है। लेकिन, एक राहत भरी खबर आ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरी राज्यों के कुछ हिस्सों में आज शाम को आंधी और बारिश आ सकती है।

MeT dept forecast thunderstorm and light rain in some...- India TV Hindi
MeT dept forecast thunderstorm and light rain in some places of northern states (Representative Image) Image Source : PTI

नई दिल्ली: देश के कई इलाकों में लू की स्थिति लगातार बनी हुई है। लेकिन, एक राहत भरी खबर आ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरी राज्यों के कुछ हिस्सों में आज शाम को आंधी और बारिश आ सकती है। दिल्ली में तो सुबह को ही मौसम सुहाना हो गया। सुबह में यहां मौसम का सामान्य 28 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में बारिश की वजह से गर्मी कम रही, सुबह तेज हवा के साथ बारिश हुई।

मौसम विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने, गरज-चमक या धूल भरी आंधी चलने और बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अधिकारी ने कहा कि सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 54 प्रतिशत दर्ज हुआ। बता दें कि शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को देश के कई हिस्सों ने गर्मी का मार झेली थी हालांकि, कई जगहों पर हल्की बारिश भी हुई थी। राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राज्य में चूरू में पारा सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ ही जदिन पहले चूर में पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

शनिवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस था, जिसके बाद बीकानेर में 42.6 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इस रेगिस्तानी राज्य में कुछ-कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान इलाहाबाद में शनिवार को 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसके बाद सुल्तानपुर में 46.4 डिग्री सेल्यिसस तापमान रहा जो सामान्य से नौ डिग्री अधिक था। बिहार सरकार ने बीते कुछ दिनों से लू की स्थिति को देखते हुए पटना के सभी स्कूलों को बुधवार तक बंद रखने का आदेश दिया है। राज्य की राजधानी में बीते दस सालों में सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री ज्यादा है। 

ओडिशा में भी लोगों को भीषण गर्मी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आई जहां कम से कम आठ जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। तीतलागढ़ और मलकानगिरी 43 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहे। मौसम विभाग के मुताबिक इस बीच गुजरात में कमजोर पड़ चुके चक्रवात वायु के सोमवार शाम तक सौराष्ट्र और कच्छ पहुंचने की संभावना है। पूरे राज्य में चक्रवात की वजह से छिटपुट बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश में ऊना सबसे गर्म रहा जहां तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत