1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी, मैं और मेरी टीम इसी प्रयास में लगे हैं: CM शिवराज चौहान

लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी, मैं और मेरी टीम इसी प्रयास में लगे हैं: CM शिवराज चौहान

 Reported By: Anurag Amitabh
 Published : Apr 09, 2020 09:20 pm IST,  Updated : Apr 10, 2020 12:15 am IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राज्य में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।

लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी, मैं और मेरी टीम इसी प्रयास में लगे हैं: CM शिवराज चौहान- India TV Hindi
लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी, मैं और मेरी टीम इसी प्रयास में लगे हैं: CM शिवराज चौहान

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राज्य में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सब जुटे हुए हैं। हमारे 18 जिले संक्रमित हैं। 3 जिले- इंदौर, भोपाल और उज्जैन को पूरी तरह से सील किया गया है। न यहां कोई अंदर जा पाएगा और ना यहां से कोई बाहर आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, "इन शहरों में अगर मृत्यु होती है तो उसी शहर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।" उन्होंने कहा, "18 शहरों में हम हॉट स्पॉट्स ढूंढ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि लोगों को आवश्यक चीजों की सप्लाई होती रहे। लोगों की जिंदगी बचाना महत्वपूर्ण है। मैं, मेरी टीम और हम सब इसी प्रयास में लगे हुए हैं।"

बता दें कि राज्य में गुरुवार तक कोरोना वायरस के कुल 423 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इंदौर में 235, भोपाल में 94, मुरैना में 13, जबलपुर में 9, उज्जैन में 15, खरगौन में 14, बड़वानी में 14, ग्वालियर में 07, खंडवा में 5, शिवपुरी में 2, छिंदवाड़ा में 4, बैतूल में 1, विदिशा में 2, श्योपुर में 1, होशंगाबाद में 1, रायसेन में 1, धार में 1 और देवास में 3 मामले सामने आए हैं।

गुरुवार तक राज्य 32 मौते हो चुकी हैं। इंदौर में 23, उज्जैन में 5, खरगोन में 2, छिंदवाड़ा और भोपाल में 1-1 मौत हुई है। गौरतलब है कि राज्य के कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों में कई केस स्वास्थ्यकर्मियों के हैं। इंदौर में 11, भोपाल में 2, जबलपुर में 4, ग्वालियर में 2 और शिवपुरी में 1 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 591 नए मामले सामने आए हैं और 20 मरीजों की मौत हुई है, जिसके बाद भारत में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 5865 हो गई है। इन मामलों में से 5 हजार 218 एक्टिव केस हैं और 169 लोगों की मौत हो चुकी है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 478 मरीज कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जीतने में कामयाब हुए हैं और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा की गई प्रेस वार्ता में बताया गया कि भारतीय रेल 80 हजार आईसोलेशन वार्ड तैयार कर रहा है और उनकी तरफ से 2500 डॉक्टर तैनात किए गए है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने कहा कि PPE, मास्क और वेंटिलेटर की सप्लाई अब शुरू हो गई है। भारत में 20 घरेलू निर्माताओं को PPE के लिए विकसित किया गया है, 1.7 करोड़ PPE के लिए ऑर्डर दिए गए हैं और सप्लाई भी आना शुरू हो गया है। 49,000 वेंटिलेटर का ऑर्डर भी दिया जा चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत