1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में सीएम योगी ने कहा-'लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं'

केरल में सीएम योगी ने कहा-'लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 04, 2017 05:13 pm IST,  Updated : Oct 04, 2017 05:13 pm IST

केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर माकपा द्वारा निशाना बनाए जाने के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां मार्च किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।

Yogi- India TV Hindi
Yogi Image Source : PTI

कीचेरी (केरल): राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर माकपा (CPM) द्वारा निशाना बनाए जाने के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां मार्च किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। सात किलोमीटर के मार्च में आदित्यनाथ के साथ केरल की भाजपा इकाई के अध्यक्ष कुम्मानम राजशेखरन भी थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है लेकिन दुर्भाग्य से केरल, राजनीति से प्रेरित हिंसा का गवाह बन रहा है।' उन्होंने कहा, 'इस यात्रा के जरिए हम लोगों को माकपा के खराब शासन के बारे में बताएंगे। इसके समर्थन में लोग बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं।'

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केरल के कन्नूर जिले में स्थित मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के गृह शहर से कल जनरक्षा यात्रा की शुरुआत की है। यह यात्रा राज्यभर में जाएगी और इसका समापन 17 अक्तूबर को तिरुवनंतपुरम में होगा। इसकी थीम है जिहादी-लाल आतंक के खिलाफ सबको खड़ा होना चाहिए। अमित शाह राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वह कल कन्नूर में रैली में शामिल होंगे। 

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर माकपा के कथित हमलों के खिलाफ सभी राज्यों की राजधानियों में पदयात्रा की घोषणा की। उन्होंने राज्य में राजनीतिक हिंसा को लेकर विजयन पर सवाल भी उठाया। राज्य में वर्ष 2001 से 120 भाजपा कार्यकर्ता मारे जा चुके हैं, इसमें से 84 तो अकेले कन्नूर में मारे गए हैं। भाजपा का आरोप है कि इनमें से 14 मुख्यमंत्री के गृह शहर में मारे गए हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत