1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली सर्दी, फतेहपुर में तापमान शून्य से नीचे

राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली सर्दी, फतेहपुर में तापमान शून्य से नीचे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 26, 2019 04:38 pm IST,  Updated : Dec 26, 2019 04:39 pm IST

राजस्थान के अधिकतर शहरों में गुरूवार को न्यूनतम तापमान में कल के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस से लेकर पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

Cold Wave In Rajasthan, temperature below zero in Fatehpur- India TV Hindi
Cold Wave In Rajasthan, temperature below zero in Fatehpur

नई दिल्ली। राजस्थान के अधिकतर शहरों में गुरूवार को न्यूनतम तापमान में कल के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस से लेकर पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। शेखावटी अंचल में सर्दी जोरों पर है। सीकर जिले में गुरुवार को पारा जमाव बिन्दु पर पहुंच गया। इससे पेड़ों पर पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ बर्फ जमने लग गई है। पड़ोसी जिले झुंझुनू में भी एक सप्ताह से तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र फतेहपुर के ओमप्रकाश कॉलस के अनुसार गुरुवार को सुबह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। शेखावटी अचंल में हाड़ कंपाने वाली सर्दी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार को सुबह भी कई जगह बर्फ जमी दिखाई दी।

मौजूदा सीजन में यहां अब तक का सबसे कम तापमान है और इस सीजन में पहली बार पारा शून्य से नीचे गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन तक जबरदस्त ठंड पड़ेगी। स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की वजह से बच्चों को इस ठंड से राहत मिली हुई है। जयपुर में मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि गुरूवार को सुबह सीकर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस और पिलानी में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्यभर में हवा में ठंडक और नमी के कारण हाड़ कंपाने वाली सर्दी का दौर शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि वनस्थली, फलौदी, पिलानी, चूरू में घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता 50 मीटर से कम होने के कारण वाहनचालकों को परेशानियों का सामना करना पडा। श्रीगंगानगर में धुंध के साथ मध्यम दर्जे का कोहरा दर्ज किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कल के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस से लेकर पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। सीकर में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 0.5 डिग्री, माउंट आबू में 1.5 डिग्री, माउंट आबू में 1.0 डिग्री, चूरू में 1.3 डिग्री, वनस्थली में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 3.7 डिग्री,गानगर में 3.9 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 5.5 डिग्री, जयपुर में 5.8 डिग्री, जैसलमेर में 5.6 डिग्री, कोटा में 6.4 डिग्री, सवाईमाधोपुर—चित्तौड़गढ़ में 6.5—6.5 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 6.8 डिग्री, ऐरनपुरा रोड में 7 डिग्री, डबोक—बूंदी में 7.2—7.2 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 8.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी और रविवार तक राज्य के अधिकतर हिस्से शीतलहर की चपेट में रहने की आशंका है। ठंड से सबसे ज्यादा प्रभावित अलवर, सीकर, झूंझुनू, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और नागौर जिले रहेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत