1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. DK शिवकुमार पर CBI की कार्रवाई, बचाव में उतरी कांग्रेस, कहा- राजनीतिक प्रतिशोध का कदम

DK शिवकुमार पर CBI की कार्रवाई, बचाव में उतरी कांग्रेस, कहा- राजनीतिक प्रतिशोध का कदम

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 05, 2020 01:37 pm IST,  Updated : Oct 05, 2020 01:37 pm IST

कांग्रेस ने सोमवार को अपनी कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार से कथित तौर पर संबंधित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई द्वारा कई परिसरों की तलाशी लिए जाने को राज्य में उप चुनाव से पहले उठाया गया राजनीतिक प्रतिशोध का कदम करार दिया।

DK शिवकुमार पर CBI की कार्रवाई, बचाव में उतरी कांग्रेस, कहा- राजनीतिक प्रतिशोध का कदम- India TV Hindi
DK शिवकुमार पर CBI की कार्रवाई, बचाव में उतरी कांग्रेस, कहा- राजनीतिक प्रतिशोध का कदम Image Source : PTI

नई दिल्ली: कांग्रेस ने सोमवार को अपनी कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार से कथित तौर पर संबंधित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई द्वारा कई परिसरों की तलाशी लिए जाने को राज्य में उप चुनाव से पहले उठाया गया राजनीतिक प्रतिशोध का कदम करार दिया। साथ ही पार्टी ने कहा कि जांच एजेंसी को मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और उनके परिवार के खिलाफ ‘भ्रष्टाचार’ की जांच करनी चाहिए। 

पार्टी महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार की इस बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई के बावजूद कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता झुकने वाले नहीं हैं। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘डी के शिवकुमार के यहां छापेमारी करके मोदी-येदियुरप्पा की जोड़ी की ओर से धमकाने का खेल चल रहा है। हम झुकने वाले नहीं है। सीबीआई को येदियुरप्पा सरकार के भ्रष्टाचार का भी खुलासा करना चाहिए।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार, येदियुरप्पा सरकार और भाजपा के अग्रिम संगठन सीबीआई-ईडी-आयकर जानते हैं कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता इस तरह की कोशिशों के सामने झुकने वाले नहीं हैं। लोगों के लिए लड़ने का हमारा संकल्प और मजबूत होगा।’’ वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुष्मिता देव ने येदियुरप्पा के इस्तीफे की मांग करते हुए सवाल किया कि येदियुरप्पा और उनके परिवार के ‘भ्रष्टाचार’ की जांच क्यों नहीं हो रही?

सुष्मिता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसी का बार-बार दुरुपयोग कर रही है। हमारा सवाल है कि चुनाव से पहले से सीबीआई के छापे क्यों पड़ते हैं? चुनाव से पहले ही सीबीआई क्यों जागती है?’’ उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी डी के शिवकुमार के साथ खड़ी है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि मुख्यमंत्री पद से बी एस येदियुरप्पा को इस्तीफा देना चाहिए। उनके और परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए।’’

गौरतलब है कि सीबीआई ने शिवकुमार से कथित तौर पर संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले में अनेक परिसरों की तलाशी ली और अब तक 50 लाख रुपये बरामद किये हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीबीआई आय से अधिक संपत्ति जुटाने से जुड़े मामले में कर्नाटक, दिल्ली एवं महाराष्ट्र में 14 स्थानों पर तलाशी ले रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत