नई दिल्ली: नरेन्द्र मोदी सरकार पर किसानों के हितों के प्रतिकूल काम करने के कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा कि इसका जवाब कांग्रेस पार्टी को देना चाहिए जिसने देश पर 60 साल शासन किया और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नंबर एक प्राथमिकता किसान है। भाजपा किसान मोर्चा के संयोजक विजय पाल सिंह तोमर ने कहा, ‘राहुल गांधी की पार्टी ने करीब 60 साल तक देश पर शासन किया और किसान परेशान है तो इसका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार को आए 18 महीने ही हुए हैं और किसान हमारी सरकार की नंबर एक प्राथमिकता है।’
तोमर ने कहा कि भाजपा नीत राजग शासनकाल में घोटालों पर रोक लग गई है जो कांग्रेस की चिंता का मुख्य विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में न केवल 50 हजार करोड़ रुपए की प्रधानमंत्री ग्रामीण सिंचाई योजना पेश की गई बल्कि किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए आजादी के बाद पहली बार व्यापक फसल बीमा योजना को क्रियान्वित किया गया। भाजपा नेता ने कहा कि देश में अगर 30 प्रतिशत अनाज बर्बाद होता है तो इसके लिए कांग्रेस के 60 साल का शासनकाल जिम्मेदार है। भाजपा नीत सरकार ने खाद्य भंडारण श्रृंखला योजना पेश की है और अन्न के पर्याप्त भंडारण के लिए व्यवस्था की जा रही है।
पहले यूरिया की कालाबाजारी आम बात हुआ करती थी, लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार ने नीम की परत चढ़ाया गया यूरिया पेश किया, जिससे इसकी कालाबाजारी बंद हो गई। विजयपाल सिंह तोमर ने कहा देश पर 60 साल शासन करने वाले 18 महीने शासन करने वालों पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं का दायरा बढ़ाया और 33 प्रतिशत नुकसान होने पर भी मुआवजा देने का प्रावधान किया।