पलक्कड: सत्तारूढ़ यूडीएफ के भ्रष्ट शासन का विरोध करते हुए कांग्रेस नेता शिवरामन ने आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और वाम पार्टी की ओर लौटने की इच्छा व्यक्त की। माकपा के पूर्व सांसद शिवरामन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राज्य में यूडीएफ सरकार के कथित भ्रष्टाचार के कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का निर्णय किया है। उन्होंने अनुसूचित जाति के राज्य विकास निगम का अध्यक्ष पद भी छोड़ दिया है।
शिवरामन वर्ष 1993 के उपचुनाव में माकपा के टिकट पर ओट्टाप्पलम सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। यह सीट पूर्व राष्ट्रपति के आर नारायणन के उप राष्ट्रपति पद के लिए प्रत्याशी बनने के कारण खाली हुयी थी। वह 1993-96 तक इस सीट से सांसद रहे। बाद में वाम नेतृत्व से मतभेद को लेकर फरवरी 2010 में वह कांग्रेस में शामिल हो गये। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शिवरामन के हाल के समय में कांग्रेस के नेताओं के साथ अच्छे संंबंध नहीं थे। शिवरामन ने माकपा में लौटने की इच्छा जतायी है।