1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पठानकोट हमले ने गंभीर चिंताएं पैदा की हैं: कांग्रेस

पठानकोट हमले ने गंभीर चिंताएं पैदा की हैं: कांग्रेस

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 02, 2016 02:42 pm IST,  Updated : Jan 02, 2016 02:42 pm IST

कांग्रेस ने आज कहा कि पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर हमले से पंजाब की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता पैदा होती है क्योंकि करीब 20 साल की शांति के बाद राज्य में इस तरह की घटनाओं में अचानक वृद्धि हुई है।

randeep surjewala- India TV Hindi
randeep surjewala

नई दिल्ली: कांग्रेस ने आज कहा कि पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर हमले से पंजाब की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता पैदा होती है क्योंकि करीब 20 साल की शांति के बाद राज्य में इस तरह की घटनाओं में अचानक वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल की लाहौर यात्रा के बाद हुई इस घटना पर पार्टी ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि क्या वह पड़ोसी देश के अपने समकक्ष के समक्ष इस मुद्दे को उठायेंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, पंजाब में दो आतंकवादी हमले क्यों हुए, जबकि इस राज्य में पिछले 20 वर्षों में किसी तरह की आतंकवादी गतिविधियां नहीं र्हुइं। यहां तक कि उधमपुर (कश्मीर) में जो तीसरा हमला हुआ था वह भी पंजाब और जम्मू-कश्मीर सीमा के नजदीक हुआ था।

उन्होंने कहा, पंजाब में पहला हमला गुरदासपुर के दीनानगर में हुआ था और अब पठानकोट में, जहां हमारा अग्रिम सुरक्षा प्रतिष्ठान है। उन्होंने कहा कि ये हमले इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार की रणनीति पर सवाल खड़े करते हैं।

सुरजेवाला ने कहा, क्या प्रधानमंत्री पाकिस्तान के समक्ष इस मुद्दे को उठायेंगे, जहां की हाल ही में उन्होंने यात्रा की है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को नियंत्रित करने और रोकने के लिए सरकार की क्या योजना है। प्रधानमंत्री को इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने की जरूरत है। पंजाब अचानक से क्यों इस तरह की गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत