1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राज्यों को कोरोना टीके की 102.4 करोड़ खुराकें मिलीं, 10.78 करोड़ का नहीं हुआ इस्तेमाल

राज्यों को कोरोना टीके की 102.4 करोड़ खुराकें मिलीं, 10.78 करोड़ का नहीं हुआ इस्तेमाल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 20, 2021 07:10 pm IST,  Updated : Oct 20, 2021 07:10 pm IST

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड रोधी टीके मुफ्त उपलब्ध कराकर उनकी सहायता कर रहा है।

राज्यों को कोरोना टीके की 102.4 करोड़ खुराकें मिलीं, 10.78 करोड़ का नहीं हुआ इस्तेमाल- India TV Hindi
राज्यों को कोरोना टीके की 102.4 करोड़ खुराकें मिलीं, 10.78 करोड़ का नहीं हुआ इस्तेमाल Image Source : PTI

नई दिल्ली: राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अभी तक कोविड-19 रोधी टीके की कुल 102.4 करोड़ (102,48,12,565) से अधिक खुराकें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इनमें भारत सरकार की ओर से दी गईं नि:शुल्क खुराकें और प्रत्यक्ष राज्य खरीदारी श्रेणी की खुराकें शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास फिलहाल टीकों की 10.78 करोड़ (10,78,72,110) से अधिक खुराक हैं, जिन्हें अभी इस्तेमाल नहीं किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि केंद्र देश भर में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

मंत्रालय ने कहा कि अधिक टीकों की उपलब्धता, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए टीकों की उपलब्धता की अग्रिम जानकारी तथा टीकों की आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित करके टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड रोधी टीके मुफ्त उपलब्ध कराकर उनकी सहायता कर रहा है।

गौरतलब है कि देश में स्वास्थ्य कर्मियों (एचसीडब्ल्यू) को पहले चरण में टीका लगाने के साथ देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था। कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों का टीकाकरण 2 फरवरी से शुरू हुआ था। 

कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और अन्य बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए शुरू हुआ। देश ने 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया। 

सरकार ने उसके बाद 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीका लगाये जाने की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का निर्णय लिया। अभी देश में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत