1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: AIIMS का ट्रॉमा सेंटर COVID-19 अस्पताल में तब्दील होगा

Coronavirus: AIIMS का ट्रॉमा सेंटर COVID-19 अस्पताल में तब्दील होगा

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 30, 2020 09:49 pm IST,  Updated : Mar 30, 2020 09:49 pm IST

कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई तेज करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने अपनी ट्रॉमा सेंटर इमारत को कोविड-19 के अस्पताल में तब्दील करने का निर्णय किया है।

Coronavirus: AIIMS का ट्रॉमा सेंटर COVID-19 अस्पताल में तब्दील होगा - India TV Hindi
Coronavirus: AIIMS का ट्रॉमा सेंटर COVID-19 अस्पताल में तब्दील होगा  Image Source : PTI

नयी दिल्ली: कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई तेज करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने अपनी ट्रॉमा सेंटर इमारत को कोविड-19 के अस्पताल में तब्दील करने का निर्णय किया है। जयप्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में अभी 242 बिस्तर हैं तथा इसमें 18 और जोड़े जाएंगे। एम्स प्रशासन इस बारे में जल्द ही घोषणा करेगा। कुल बिस्तरों में से 50 आईसीयू के बिस्तर हैं और 30-40 उच्च निर्भरता वाली इकाई के हैं। सेंटर के पास करीब 70 वेंटिलेटर है। सूत्र ने बताया कि जरूरत के हिसाब से इस क्षमता को और भी बढ़ाया जा सकता है। 

ट्रॉमा सेंटर में ज्यादातर सड़क दुर्घटना का शिकार होने वाले लोगों का इलाज होता है। सोमवार शाम को इसे बंद कर दिया गया और यहां आने वाले मरीजों को कहा गया कि वे एम्स की मुख्य इमारत की इमरजेंसी में संपर्क करें। एक सूत्र ने बताया, ‘’ पूरे ट्रॉमा सेंटर की हताहत और आपात सेवा को एम्स मुख्य आपात विभाग में स्थानांतरित किया जा रहा है। इसमें से ज्यादातर मरीजों को पहले ही मुख्य एम्स अस्पताल के विभिन्न वॉर्डों में भेजा जा चुका है।’’ 

एम्स ने कोविड-19 के प्रबंधन प्रोटोकॉल के लिए एक कार्यबल गठित किया है और कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए आने वाले दिनों में पेश होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए कई समितियां भी गठित की हैं। इस शीर्ष अस्पताल में ओपीडी सेवाएं और पुराने मरीजों को फिर से दिखाने के लिये होने वाली पंजीकरण की प्रक्रियाएं 24 मार्च से अगले आदेश तक के लिये बंद कर दी गई हैं। अस्पताल में जान बचाने के लिये जरूरी ऑपरेशनों को छोड़कर फिलहाल अन्य ऑपरेशन भी रोक दिये गए हैं। यह कदम कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के मद्देनजर की जाने वाली तैयारियों को ध्यान में रखकर उठाए गए हैं।

 

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत