1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Covid19: कोरोना संक्रमण के मामले में दिल्ली ने एक बार फिर मुंबई को पीछे छोड़ा

Covid19: कोरोना संक्रमण के मामले में दिल्ली ने एक बार फिर मुंबई को पीछे छोड़ा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 05, 2020 09:40 pm IST,  Updated : Jun 05, 2020 09:45 pm IST

कोरोना संक्रमण के मामले में मुंबई काफी अरसे से देश का सबसे प्रभावित शहर रहा है। लेकिन दिल्ली धीरे धीरे ये अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम करता जा रहा है।

Coronavirus cases in Delhi- India TV Hindi
Coronavirus cases in Delhi Image Source : AP

कोरोना संक्रमण के मामले में मुंबई काफी अरसे से देश का सबसे प्रभावित शहर रहा है। लेकिन दिल्ली धीरे धीरे ये अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम करता जा रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर दिल्ली में मुंबई से ज्यादा मामले सामने आए हैं। मुंबई में आज जहां पिछले 24 घंटों में 1150 मामले सामने आए वहीं दिल्ली में यह आंकड़ा 1330 था। इन्हें मिलाकर दिल्ली में अब कोरोना के मामले बढ़कर 26334 हो गए हैं। वहीं मुंबई में 45854 मामले हैं। मौत के मामले में मुंबई दिल्ली से काफी आगे हैं। दिल्ली में जहां अब तक 708 लोगों की मौत हुई है वहीं मुंबई में अब तक 1518 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। 

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा जानकारी के अनुसार दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या 26334 पहुच गई है। बीते 24 घंटे में राजधानी में 1330 नए केस सामने आए हैं। वही एक दिन में कोरोना की वजह से 25 लोगों की मौत हुई है। जबकि आज दिल्ली में कोरोना की वजह से हुई मौत के आंकड़े में 58 का इजाफा हुआ है। दिल्ली में कोरोना के कारण आजतक 708 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात यह है कि दिल्ली में अब तक 18797 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 20 नए मामले

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में कोरोना के मामले बढ़ने की दर लगातार बढ़ रही है। जिले में शुक्रवार को 20 नए मामले आए हैं। इसमें से 18 मामले प्राइवेट लैब से आए हैं इन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा 2 मरीज सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। इन्हें मिलाकर जिले में कोरोना वायरस के पॉजिटिव की संख्या 400 के करीब पहुंच गई है। जिले में इस समय एक्टिव मामलों की संख्या 118 है। शहर में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई हैं। जिले के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गाजियाबाद में अब तक 11255 लोगों के टेस्ट किए जा चुके हैं। इसमें से 398 लोग कोरोना से पॉजिटिव मिले हैं। गनीमत की बात यह है कि अबतक 271 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। फिलहाल जिले में कुल एक्टिव केस 118 हैं। आज जिले में 265 लोगों के टेस्ट किए गए, जिसमें से 20 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। आज पॉजिटिव मिले मरीजों में 3 मरीज घने बसे खोड़ा से हैं। इसके अलावा वसुंधरा, साहिबाबाद, मोहननगर, लोनी से हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत