1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus से बड़ी राहत, एक्टिव मामले घटने के साथ अब मौतों के आंकड़े में भारी कमी

Coronavirus से बड़ी राहत, एक्टिव मामले घटने के साथ अब मौतों के आंकड़े में भारी कमी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 29, 2020 09:28 am IST,  Updated : Sep 29, 2020 09:28 am IST

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कुल 84877 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 51,01,397 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 83.01 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

Coronavirus testing in India surpasses 73 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 73 millions Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर राहत भरे आंकड़े सामने आ रहे हैं, कोरोना के एक्टिव मामले तो पहले ही घटना शुरू हो गए थे लेकिन अब कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े में भारी कमी देखने को मिली है जो राहत भरा संकेत है। इसके अलावा देश में नए कोरोना मामलों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है और साथ में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। ये तमाम आंकड़े कोरोना को लेकर आने वाले दिनों में राहत का संकेत दे रहे हैं।

कोरोना से पिछले 24 घंटों के दौरान हुई मौतों की बात करें तो देशभर में 776 लोगों की जान गई है। कई दिनों बाद ऐसा हुआ है कि मौतों का आंकड़ा 1000 के नीचे आया हो। पिछले कई दिनों से रोजाना 1000 से ज्यादा लोग कोरोना की वजह से अपनी जान गंवा रहे थे, कई दिन तो ऐसे भी थे जब 24 घंटों में 1200 से ज्यादा लोगों की जान गई हो। अबतक देशभर में कोरोना की वजह से 96318 लोगों की जान गई है।      

कोरोना के एक्टिव मामलों की बात करें तो उनमें भी गिरावट देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों में 15064 की कमी देखी गई है। पिछले 11 दिनों के दौरान सिर्फ 2 दिन एक्टिव मामले बढ़े हैं बाकि 9 दिन तक मामलों में गिरावट ही आई है और अब देश में कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा घटकर 947576 रह गया है।

कोरोना के नए मामलों की बात करें तो पिछले 24 घटों के दौरान देशभर में कुल 70589 नए मामले आए हैं, नए मामलों का यह आंकड़ा भी पिछले दिनों आने वाले मामलों के मुकाबले काफी कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 61,45,291 लाख हो गया है। लेकिन इसमें अधिकतर लोग ठीक हो चुके हैं।

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कुल 84877 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 51,01,397 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 83.01 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, सोमवार को देशभर में 11.42 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 7.31 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।   

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 3.35 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 10.06 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.48 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 73.61 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.09 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 47.48 लाख मामले सामने आए हैं और 1.42 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 11.59 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 20 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत