1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के मामलों में बढ़ोतरी, देशभर में 81 केस पॉजिटिव

Coronavirus के मामलों में बढ़ोतरी, देशभर में 81 केस पॉजिटिव

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 13, 2020 05:27 pm IST,  Updated : Mar 13, 2020 05:44 pm IST

भारत में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 81 पहुंच गई है। शुक्रवार सुबह तक देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या 75 थी लेकिन शाम तक बढ़कर यह 81 हो गई है।

Coronavirus Cases in india till March 13th- India TV Hindi
Coronavirus Cases in india till March 13th Image Source : AP (FILE)

भारत में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 81 पहुंच गई है। शुक्रवार सुबह तक देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या 75 थी लेकिन शाम तक बढ़कर यह 81 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक ने महाराष्ट्र में 3, केरल में 2 और कर्नाटक में एक और मामले बढ़े हैं जिस वजह से अब कुल संख्या 75 से बढ़कर 81 हुई है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए एक संयुक्त रणनीति बनाने और विश्व के सामने एक उदाहरण रखने के उद्देश्य से दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क)  नेताओं की वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए चर्चा का शुक्रवार को प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रस्ताव करना चाहूंगा कि दक्षेस देशों का नेतृत्व कोरोना वायरस से लड़ने के लिए एक मजबूत रणनीति बनाये। हम हमारे नागरिकों को स्वस्थ रखने के तरीकों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर सकते हैं।’’ 

13 मार्च शाम 5 बजे तक भारत में कोरोना वायरस के कुल मामले

राज्य/केंद्र शासित प्रदेश भारतीय नागरिक विदेशी नागरिक
दिल्ली 6 0
हरियाणा 0 14
केरल 19 0
राजस्थान 1 2
तेलंगाना 1 0
उत्तर प्रदेश 10 1
लद्दाख 3 0
तमिलनाडू 1 0
जम्मू-कश्मीर 1 0
पंजाब 1 0
कर्नाटक 6 0
महाराष्ट्र 14 0
आंध्र प्रदेश 1 0
कुल 64 17

 

मोदी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘हमारा ग्रह कोविड-19 कोरोना वायरस से जूझ रहा है। विभिन्न स्तरों पर, सरकारें और लोग इसका मुकाबला करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया को यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए कि लोग स्वस्थ रहे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम दुनिया के सामने एक उदाहरण पेश कर सकते हैं और ग्रह को स्वस्थ रखने में योगदान कर सकते हैं।’’ दक्षेस क्षेत्रीय अंतर सरकारी संगठन है जिसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं।

हरियाणा के 5 जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद

हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को कोरोनावायरस के प्रकोप को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी से सटे राज्य के पांच जिलों में सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को 31 मार्च तक बंद करने का फैसला किया है। राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।

दिल्ली से सटे सोनीपत, रोहतक, झज्जर, फरीदाबाद, गुरुग्राम जिलों के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। राज्य के अन्य बाकी जिलों में स्कूल पहले की तरह ही संचालित रहेंगे।

उत्तर प्रदेश में 22 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद

उत्तर प्रदेश में भी सभी स्कूल-कॉलेज को कोरोनावयरस के कारण 22 मार्च तक बंद किया गया है। सरकार ने शुक्रवार को बताया कि जहां-जहां परीक्षाएं चल रही हैं वहां परीक्षाएं रद्द नही होंगी और जहां परीक्षा शुरू नहीं हुई हैं वहां उसे अगले आदेश तक टाल दिया जाएगा।

कर्नाटक में 20 मार्च तक सभी विश्वविद्यालय बंद

कर्नाटक में सभी स्कूल-कॉलेज, मॉल और मैरेज हॉल को एक हफ्ते तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। 

मध्य प्रदेश में सरकारी और निजी स्कूल बंद

कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए मध्य प्रदेश में अगले आदेश तक सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिया गया है।

बिहार में भी 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद

कोरोनावायरस को देखते हुए बिहार में 31 मार्च तक सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा आने वाले दिनों में राज्यभर में सांस्कृतिक आयोजनों पर भी रोक लगाई गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत