1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: दिल्ली में स्कूल-कॉलेजों और सिनेमा हॉल के बाद राष्ट्रपति भवन भी बंद

Coronavirus: दिल्ली में स्कूल-कॉलेजों और सिनेमा हॉल के बाद राष्ट्रपति भवन भी बंद

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 12, 2020 06:28 pm IST,  Updated : Mar 12, 2020 09:53 pm IST

कोरोना वायरस के बढ़ते कहर के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन को एहतियाती तौर पर शुक्रवार से आम जनता के लिए बंद किया जा रहा है। आधिकारिक प्रवक्ता की ओर से जारी बयान के अनुसार राष्ट्रपति भवन अगले आदेश तक शुक्रवार से आम जनता के लिए बंद रहेगा।

President House- India TV Hindi
Coronavirus: राष्ट्रपति भवन शुक्रवार से आम जनता के लिए बंद Image Source : TWITTER

नई दिल्ली. कोरोना वायरस के बढ़ते कहर के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन को एहतियाती तौर पर शुक्रवार से आम जनता के लिए बंद किया जा रहा है। आधिकारिक प्रवक्ता की ओर से जारी बयान के अनुसार राष्ट्रपति भवन अगले आदेश तक शुक्रवार से आम जनता के लिए बंद रहेगा। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इसके अलावा, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय (आरबीएमसी) और ‘चेंज ऑफ द गार्ड सेरेमनी’ भी शुक्रवार से अगले आदेश तक बंद रहेगी।’’

इससे पहले दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों, कॉलेजों और सिनेमा घरों को एहतियाती तौर पर 31 मार्च तक बंद रहने की गुरुवार को घोषणा की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपराज्यपाल अनिल बैजल और शीर्ष सरकारी अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक के बाद यह फैसला किया गया। केजरीवाल ने कहा, ‘‘ शहर की सरकार ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया है।’’

पढ़ें- विचारधारा को जेब में रखकर RSS के साथ चले गए ज्योतिरादित्य सिंधिया- राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि सरकारी, निजी कार्यालयों, शॉपिंग मॉलों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों को संक्रमण मुक्त बनाना अनिवार्य कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में अभी तक इससे छह लोग संक्रमित पाए गए हैं। देशभर में इसके अभी तक 73 मामले सामने आ चुके हैं। 

पीएम मोदी ने कहा- घबराहट को ना, सावधानी को हां कहिए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना वायरस कोविड-19 को लेकर देश के लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह से सजग है और लोग बड़े समूह में एकत्र होने से बचकर इसके फैलाव को रोक सकते हैं। पीएम मोदी ने कोविड-19 पर अपने ट्वीट में कहा, ‘‘घबराहट को ना, सावधानी को हां कहिए।’’

पढ़ें-  MLAs को मनाने पहुंचे जीतू पटवारी की पुलिस से हाथापाई, कांग्रेस ने कहा- हमारे मंत्री के साथ हुई बदतमीजी

उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में कोई केंद्रीय मंत्री विदेश की यात्रा नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं देशवासियों से भी गैर-जरूरी यात्राएं नहीं करने की अपील करता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि हम बड़े समूह में एकत्र होने से बचकर इसके फैलाव को रोक सकते हैं और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं । उन्होंने कहा कि सरकार नोवेल कोरोना वायरस कोविड 19 के कारण उत्पन्न स्थिति को लेकर पूरी तरह से सजग है। सभी मंत्रालयों और राज्यों ने सभी की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अनेक कदम उठाये हैं । मोदी ने कहा कि इन कदमों में वीजा निलंबित करने से लेकर स्वास्थ्य क्षमतओं को बेहतर बनाने जैसे कदम शामिल हैं । 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत