1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Covid 19: देशभर में 42,015 नए मामले सामने आए, 36,977 मरीज डिस्चार्ज

Covid 19: देशभर में 42,015 नए मामले सामने आए, 36,977 मरीज डिस्चार्ज

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 21, 2021 11:12 am IST,  Updated : Jul 21, 2021 12:39 pm IST

देशभर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 42,015 नए मामले सामने आए जबकि 3,998 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,12,16,337 हो गई है

Covid 19: देशभर में 24 घंटे में 42,015 मामले सामने आए, 36,977 मरीज डिस्चार्ज- India TV Hindi
Covid 19: देशभर में 24 घंटे में 42,015 मामले सामने आए, 36,977 मरीज डिस्चार्ज Image Source : PTI

नई दिल्ली: देशभर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के  42,015 नए मामले सामने आए जबकि 3,998 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में 14वीं बार संक्रमण के आंकड़ों का पुन: मिलान करने के कारण एक दिन में मौत के इतने मामले सामने आए हैं। 42,015 नए मामलों के साथ ही देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,12,16,337 हो गई है जबकि मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4,18,480  हो गई है। पिछले 24 घंटे में 36,977 मरीजों को डिस्चार्ज किया है। अबतक कुल 3,03,90,687 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। वहीं देश में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 4,07,170 है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र ने 14वीं बार राज्य में संक्रमण के आंकड़ों का मिलान किया, जिससे राज्य में संक्रमण के मामले 2,479 और उससे हुई मौत के मामलों की संख्या 3,509 बढ़ गई। आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 4,07,170 हो गई, जो कुल मामलों का 1.30 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 1,040 की बढ़ोतरी हुई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.36 प्रतिशत है।

आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 44,91,93,273 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 18,52,140 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई। देश में नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.27 प्रतिशत है। यह पिछले 30 दिनों से लगातार तीन प्रतिशत से कम है। नमूनों में संक्रमण की पुष्टि की साप्ताहिक दर 2.09 प्रतिशत है। अभी तक कुल 3,03,90,687 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

कोविड-19 से मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है। देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 41.54 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में सामने आए संक्रमण से मौत के 3,998 मामलों में महाराष्ट्र के 3,656 और केरल के 104 मामले हैं। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,18,480 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,30,753, कर्नाटक के 36,226, तमिलनाडु के 33,782, दिल्ली के 25,035, उत्तर प्रदेश के 22,737, पश्चिम बंगाल के 18,021 और पंजाब के 16,244 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत