नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज रात 8 बजे राष्ट्र के नाम संबोधन में लॉकडाउन का ऐलान करने की संभावनाओं से इनकार करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी वक्तव्य में कहा गया है कि यह गलत जानकारी लोगों के बीच फैलाई जा रही है।
पीएमओ की तरफ से यह कहा गया है कि कुछ मीडिया संस्थान गलत अनुमान लगा रहें कि पीएम मोदी की तरफ से अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में लॉकडाउन की घोषणा की जा सकती है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करनेवाले हैं।
पीएम मोदी द्वारा राष्ट्र के नाम संबोधन की जानकारी कल प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा दी गई। पीएमओ की ओर से ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 19 मार्च 2020 को रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे जिसमें वह कोरोना वायरस को लेकर मुद्दों और इससे निपटने को लेकर प्रयासों पर बात करेंगे।’’
इस खबर के आने के बाद ही तरह-तरह के अनुमान लगाए जाने लगे और कुछ ऐसी चर्चाएं चलने लगीं कि नोटबंदी की तरह ही पीएम मोदी कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन का ऐलान कर सकते हैं। खासतौर से मीडिया के कुछ सेक्शन में ऐसी खबरें आने के बाद पीएमओ की तरफ से इस पर कहा गया कि यह अनुमान गलत है।