1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के कुल मामले 59 लाख के पार, लेकिन एक्टिव केस बढ़ने के बजाए घटे

Coronavirus के कुल मामले 59 लाख के पार, लेकिन एक्टिव केस बढ़ने के बजाए घटे

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 26, 2020 09:33 am IST,  Updated : Sep 26, 2020 09:33 am IST

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कुल 93379 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 48,49,548 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 82.14 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

Coronavirus testing in India surpasses 70 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 70 millions Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना वायरस के एक बार फिर बढ़ते मामलों के बीच भारत में कुछ राहत है, देश में कोरोना वायरस के नए मामले जिस रफ्तार से आ रहे हैं उससे ज्यादा तेजी से लोग ठीक हो रहे हैं और यही वजह है कि देश के कुल कोरोना एक्टिव मामलों की संख्या लगातार कम हो रही है। हालांकि अभी भी देश में बहुत बड़ी संख्या में कोरोना के एक्टिव मामले हैं और रोजाना कोरोना की वजह से 1000 से ज्यादा लोग जान गंवा रहे हैं।  

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8 बजे से लेकर शनिवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 85326 नए मामले सामने आए हैं और कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 59,03,896 तक पहुंच गया है।

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कुल 93379 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 48,49,548 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 82.14 प्रतिशत तक पहुंच गया है। क्योंकि कोरोना से ठीक होने वाले लोग ज्यादा है और नए मामले कम ऐसे में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 960969 रह गई है। पिछले 8 दिनों में सिर्फ 1 दिन एक्टिव केस बढ़े हैं और बाकी 7 दिन इनमें कमी आई है।  

लेकिन सबसे ज्यादा चिंता की बात ये है कि कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1089 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 93379 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, शुक्रवार को देशभर में 13.41 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 7.03 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।   

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 3.27 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.93 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.41 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 72.44 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.08 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 46.92 लाख मामले सामने आए हैं और 1.40 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 11.36 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 20 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत