1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस के कुल मामले 3 करोड़ के पार, लेकिन 96.55% हो चुके हैं रिकवर, संक्रमण की दर भी कम

कोरोना वायरस के कुल मामले 3 करोड़ के पार, लेकिन 96.55% हो चुके हैं रिकवर, संक्रमण की दर भी कम

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 23, 2021 09:33 am IST,  Updated : Jun 23, 2021 09:33 am IST

21 जून को 86 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन देने के बाद 22 जून को भी 54 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया है। अबतक देश में कुल 29.46 करोड़ लोगों को वैक्सीन का टीका लग चुका है

कोरोना के खिलाफ लड़ाई...- India TV Hindi
कोरोना के खिलाफ लड़ाई में वैक्सीन के टीकाकरण का अभियान तेज गति से आगे बढ़ा है Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर में कोरोना के डेल्टा वेरिएंट की वजह से देश में संक्रमण तेजी से फैला है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जो आंकड़े जारी हुए हैं उनके अनुसार देश में अब कोरोना वायरस के कुल मामले 3 करोड़ के पार पहुंच गए हैं और इनमें 1 करोड़ केस पिछले 50 दिनों में ही देखने को मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 4 मई को जारी आंकड़ों में देश के कुल कोरोना मामलों का आंकड़ा 2 करोड़ के पार गया था और आज आंकड़ा 3 करोड़ हो गया है। 

हालांकि देश में अबतक आए कुल 3,00,28,709 कोरोना मामलों में 96.55 प्रतिशत यानि 2,89,94,855 लोग पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। पिछले कुछ दिनों के दौरान देश में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है और ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है, पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 50848 नए कोरोना मामले सामने आए हैं जबकि कोरोना से 68817 लोग ठीक हुए हैं। नए मामले घटने और ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की वजह से देश में कोरोना के एक्टिव केस लगातार कम हुए हैं और अब 6.43 लाख ही एक्टिव मामले बचे हैं। 

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 19.01 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए हैं और उसमें 50848 लोग पॉजिटिव मिले हैं, यानि संक्रमण की दर 2.67 प्रतिशत रही है। कोरोना की वजह से पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 1358 लोगों की जान गई है और अबतक 3.90 लाख से ज्यादा लोग इस वायरस की वजह से देश में जान गंवा चुके हैं। 

हालांकि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में वैक्सीन के टीकाकरण का अभियान अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है, 21 जून को 86 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन देने के बाद 22 जून को भी 54 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया है। अबतक देश में कुल 29.46 करोड़ लोगों को वैक्सीन का टीका लग चुका है और इसमें 24.19 करोड़ को पहली डोज मिली है जबकि 5.27 करोड़ को दोनों डोज मिल चुकी हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत