नई दिल्ली : दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी विधायक सोमनाथ भारती लगातार चौथे दिन पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। इस बीच, जांच अधिकारियों ने दावा किया कि उन्होंने दो कथित अपराधियों की पहचान की है जो विधायक की लगातार मदद कर रहे हैं।
48 घंटे में दो बार भारती ने अपना ठिकाना बदला
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि विगत 48 घंटे में भारती ने दो राज्यों-उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच अपना ठिकाना बदला और संदिग्ध तौर पर अपनी पोशाक बदलते रहे ताकि कोई उन्हें पहचान नहीं सके।
एक दर्जन मोबाइल फोन और उतने ही वाहन बदल चुके हैं
अधिकारी ने कहा कि भारती ने करीब एक दर्जन मोबाइल फोन बदले हैं और तकरीबन उतने ही वाहन बदले हैं ताकि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने से बच सकें।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण पश्चिम) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि भारती एक पेशेवर अपराधी की तरह बर्ताव कर रहे हैं और उनका आचरण दर्शाता है कि या तो वह खुद अपराधी की तरह सोचने में सक्षम हैं या वह वैसे लोगों की मदद ले रहे हैं जिन्हें अपराध में विशेषज्ञता हासिल है।
अपराध जगत से जुड़े लोग कर रहें हैं मदद
दीपेंद्र पाठक पाठक ने कहा, हमारे पास कम से कम दो लोगों के बारे में सूचना है जिनका उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लंबा आपराधिक रिकार्ड रहा है--जो विधायक की पहले दिन से गिरफ्तारी से बचने में मदद कर रहे हैं।
सोमनाथ भारती की मदद करने वाले लोगों पर भी होगी कार्रवाई
पाठक ने कहा, सोमनाथ भारती के खिलाफ गंभीर आरोप हैं और कोई भी उन्हें शरण देगा, साजो-सामान मुहैया कराएगा और उन्हें अन्य संसाधन उपलब्ध कराएगा, उसके खिलाफ अपराध के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारती को आश्रय, साजो-सामान और अन्य संसाधन मुहैया कराने वाले ज्यादातर लोगों के आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता होने का संदेह है। एक बार गिरफ्तार किए जाने के बाद भारती से उस बारे में भी पूछताछ की जाएगी और इस सिलसिले में उनके खिलाफ एक अलग प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है।