1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उधमपुर सड़क हादसे में 14 मरे, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

उधमपुर सड़क हादसे में 14 मरे, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

 Written By: India TV News Desk
 Published : Oct 20, 2015 07:19 pm IST,  Updated : Oct 20, 2015 07:19 pm IST

जम्मू: उधमपुर (जम्मू एवं कश्मीर) जिले के रामनगर इलाके में आज एक तेज रफ्तार मिनी बस के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई

उधमपुर सड़क हादसे में...- India TV Hindi
उधमपुर सड़क हादसे में 14 मरे, सरकार देगी मुआवजा

जम्मू: उधमपुर (जम्मू एवं कश्मीर) जिले के रामनगर इलाके में आज एक तेज रफ्तार मिनी बस के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हुए। सरकार ने हादसे में मरने वालों के परिजन को एक एक लाख और घायलों को दस दस हजार रूपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। उधमपुर के उपायुक्त शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया, आज सवेरे 8 बजकर 20 मिनट पर रामनगर के निकट दालसर में एक मैटाडोर गहरे खड्ड में गिर गई, जिससे उसमें सवार 14 लोगों की मृत्यु हो गई और 17 अन्य घायल हुए, जिनमें से 7 की हालत गंभीर है।

उन्होंने कहा, 24 सीट वाले मैटाडोर में ड्राइवर और कंडक्टर सहित 31 लोग सवार थे। वाहन कथित रूप से तेज रफ्तार से चल रहा था, जिसकी वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि वाहन का चालक अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था, जब वह तेज रफ्तार वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। इस दौरान वह ज्यादा सवारियां लेने के लिए एक अन्य वाहन से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा, सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मरने वालों के परिजन को एक एक लाख रुपए और दुर्घटना में घायल हुए लोगों को दस दस हजार रुपए की राहत देने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि हादसे के बारे में सूचना मिलने के बाद एक समन्वित राहत अभियान चलाया गया और 14 लोगों को वाहन में से निकाला गया।

उपायुक्त ने बताया कि आठ एंबुलेंस, राहत टीमें और क्रेन को मौके पर भेजा गया है। करीब 50 स्थानीय युवकों के समूह ने राहत अभियान में मदद की और कुछ लोगों की जान बचाई। उन्होंने बताया कि तीन घायलों को उधमपुर के मिलिट्री हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक को जम्मू के सरकारी मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया है और 13 का जिला अस्पताल, उधमपुर में इलाज किया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत