1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पत्रकार मर्डर केस: राम रहीम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनाई जाएगी सजा

पत्रकार मर्डर केस: राम रहीम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनाई जाएगी सजा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 16, 2019 11:36 pm IST,  Updated : Jan 16, 2019 11:36 pm IST

पंचकुला में एक विशेष अदालत बृहस्पतिवार को पत्रकार हत्या मामले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह और तीन अन्य को सजा सुनाएगी।

ram rahim- India TV Hindi
ram rahim

चंडीगढ़: पंचकुला में एक विशेष अदालत बृहस्पतिवार को पत्रकार हत्या मामले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह और तीन अन्य को सजा सुनाएगी। सीबीआई के वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि सीबीआई अदालत ने बुधवार को हरियाणा सरकार की एक अर्जी स्वीकार कर ली। इसमें पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या के मामले में सजा सुनाए जाने के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुरमीत राम रहीम को पेश करने की अनुमति मांगी गई थी।

विशेष सीबीआई अदालत के न्यायाधीश जगदीप सिंह ने हत्या मामले में 11 जनवरी को गुरमीत और तीन अन्य- कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह ओर कृष्ण लाल को दोषी ठहराया था। चारों को आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और 120 बी (आपराधिक साजिश) के तहत दोषी ठहराया जा चुका है। निर्मल सिंह और कृष्ण लाल को हथियार कानून के तहत भी दोषी ठहराया जा चुका है।

राज्य सरकार ने मंगलवार को एक याचिका दायर कर कहा था कि डेरा प्रमुख की आवाजाही के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है। गुरमीत अपनी दो महिला अनुयायियों से दुष्कर्म करने के जुर्म में रोहतक की सुनरिया जेल में 20 साल की कैद की सजा काट रहा है। वर्मा ने कहा कि सजा सुनाए जाने के दौरान चारों दोषियों के वकील अदालत में मौजूद रहेंगे।

बहरहाल, सजा सुनाए जाने के मद्देनजर पंचकुला और हरियाणा के अन्य हिस्से में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत