1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़ में रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में धमाका, CRPF के 4 जवान घायल, एक की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ में रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में धमाका, CRPF के 4 जवान घायल, एक की हालत गंभीर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 16, 2021 09:34 am IST,  Updated : Oct 16, 2021 10:23 am IST

रायपुर रेलवे स्टेशन पर ब्लास्ट हुआ है। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक ट्रेन में ब्लास्ट हुआ जिसकी वजह से CRPF के 4 जवान घायल हुए हैं।

छत्तीसगढ़ में रायपुर...- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ में रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में धमाका, CRPF के 6 जवान घायल, एक की हालत गंभीर Image Source : FILE PHOTO

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे स्टेशन पर ब्लास्ट हुआ है। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक ट्रेन में ब्लास्ट हुआ जिसकी वजह से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 4 जवान घायल हुए हैं। ये ब्लास्ट बाथरूम के पास हुआ है। ब्लास्ट तब हुआ जब विस्फोटक पदार्थ को एक कोच से दूसरे कोच ले जाया जा रहा था। इस घटना में घायल हुए 4 जवानों में एक की हालत गंभीर है।

घटना शनिवार सुबह 6.30 बजे की है। रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि रायपुर रेलवे स्टेशन में सुबह झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही विशेष रेलगाड़ी में सामान रखने के दौरान विस्फोट हो गया। इस घटना में 4 जवान घायल हो गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही सीआरपीएफ की विशेष रेलगाड़ी प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी थी। इसमें सीआरपीएफ की तीन कंपनियों को भेजा जा रहा था। जब रेलगाड़ी में सामान रखा जा रहा था तब बोगी नंबर नौ के करीब एक कंटेनर में (जिसमें विस्फोटक रखा गया था) विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में हवलदार चौहान विकास लक्ष्मण समेत 4 जवान घायल हो गए।

जानकारी मिलने पर पुलिस दल घटनास्थल पहुंचा। घायल जवान लक्ष्मण को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मामूली रूप से घायल अन्य जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया। रेलगाड़ी रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में स्टेशन में मौजूद अन्य किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत