मुंबई: मुंबई के उपनगरीय इलाके कांदिवली की एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई। इस घटना में 2 लोगों के मारे जाने की 1000 घरों के जलकर खाक हो जाने की खबर है। इसके अलावा कुछ लोगों के घायल होने की आशंका है।
उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी पी एस रहंगदाले ने कहा दिन में करीब 12 बजकर 33 मिनट पर हमारे विभाग को आग के बारे में फोन पर सूचना मिली और 12 बजकर 51 मिनट पर एक और संदेश मिला।
इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 16 गाडि़यां, पानी के 12 टैंकर और अन्य जवानों के साथ अग्निशमन विभाग के पांच अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हुए। कांदिवली के दमुनानगर इलाके में अकूरली रोड की झुग्गी-बस्ती में यह आग लगी।
एक गोदाम में रखे एलपीजी सिलेंडरों में धमाके इस आग की वजह बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि हमने 12 बजकर 45 मिनट पर जोरदार धमाके की आवाज सुनी। उसी समय एक के बाद एक 15 से 20 धमाकों की आवाज सुनाई दी।