नई दिल्ली: देश के विमानवाहक पोत आईएनएस विराट में आज गोवा में आग लग जाने से एक नाविक की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गए। आईएनएस विराट को जल्द ही सेवा से हटाया जाने वाला है।
एक नौसेना प्रवक्ता ने बताया कि पोत के एक ब्वॉइलर रूम में आज दोपहर बाद मामूली आग लगने की घटना हुई। उन्होंने दावा किया कि इस पर तुरंत ही काबू पा लिया गया लेकिन आग पर काबू पाने के दौरान चार नाविक घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि उनमें से एक चीफ इंजीनियर मेकेनिक आशु सिंह की हालत धुएं के कारण गंभीर थी। उन्हें गोवा में नौसेना अस्पताल ले जाया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गयी।
प्रवक्ता ने बताया कि अन्य तीन घायल नाविकों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।