नई दिल्ली: संसद भवन के स्वागत कक्ष में रविवार अपराह्न् आग लग गई। यह जानकारी अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि आग वातानुकूलन संयंत्र में लगी। दमकल की 12 गाड़ियों ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण का पता अभी नहीं चल पाया है।
स्वागत कक्ष संसद की मुख्य इमारत से कुछ दूरी पर स्थित है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ए.के. शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "वातानुकूलन संयंत्र की सभी तीन इकाइयों में आग लग गई। यह संयंत्र संसद भवन के द्वार संख्या आठ के बाहर स्थित स्वागत कक्ष के पास एक खुले पार्क में स्थित है।"
शर्मा ने कहा, "आग के कारणों का पता लगाना अभी बाकी है, लेकिन अग्निशमन कर्मियों ने 30 मिनट के भीतर आग को बुझा दिया।"
इस दौरान संसद भवन परिसर के बाहर धुएं का घना गुबार भर गया था, जहां शुक्रवार तक बजट सत्र चल रहा था। संसद के बजट सत्र का पहला हिस्सा 23 फरवरी से शुरू हुआ था और 20 मार्च तक चला था। सत्र का दूसरा हिस्सा 20 अप्रैल से शुरू होगा।