नई दिल्ली: दिल्ली के नजफगढ़ से आईएनएलडी के पूर्व विधायक भरत सिंह की बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में घायल 4 लोगों में से 2 की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
वारदात नजफगढ़ थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर अभिनंदन वाटिका में हुई जहां भरत सिंह एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे।
इस दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनपर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद हमलावर स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग गए।
भरत सिंह को तुरंत गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां देर रात उनकी मौत हो गई।
हमले की खबर लगते ही भरत सिंह के समर्थकों ने सड़क जाम कर पुलिस के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की, हालांकि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को वहां से हटा दिया।
पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम भी पूरे मामले की तफ़्तीश कर रही हैं। इससे पहले 2012 में भी भरत सिंह को उनके दफ्तर में गोली मारी गई थीं।