पठानकोट: पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायुसेना (IAF) के अड्डे पर एक बार फिर धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हमले में एक और जवान घायल होने की खबर है। DIG कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि, 2 आतंकवादी अभी भी एयरफोर्स स्टेशन पर मौजूद होने की आशंका है। NSG के 400 कमांडो और सेना के 500 जवान तलाश में जुटे हैं। एयरफोर्स स्टेशन में सघन तलाशी अभियानों के दौरान NSG के 3 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि IAF अड्डे के अंदर रविवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान गोलियों और धमाकों की आवाजें सुनी गई। सूत्रों ने तकनीकी क्षेत्र के सुरक्षित होने की बात कही है। तकनीकी क्षेत्र में आईएएफ के मिग-21 लड़ाकू जेट, एमआई-35 हेलीकॉप्टर और अन्य उपकरण रखे गए हैं।
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद से ही यहां व्यापक तलाशी अभियान जारी है। आईएएफ अड्डे और आसपास के क्षेत्रों में सेना, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), भारतीय वायुसेना, अर्धसैनिक बलों तथा पंजाब पुलिस सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियां तलाशी अभियान में लगी हैं।
आईएएफ हेलीकॉप्टरों को शनिवार रात और रविवार तड़के आईएएफ अड्डे और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर उड़ते हुए देखा गया। पंजाब के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "तलाशी अभियान जारी है। हर चीज पर नजर रखी जा रही है। पूरी खोजबीन के बाद ही अभियान को समाप्त किया जाएगा।
शनिवार को सुरक्षबलों और आतकंवादियों के बीच यह मुठभेड़ 15 घंटे तक चली।