कोटा: बोरखेड़ा में यहां मंगेतर की ओर से सगाई तोड़ने से परेशान 21 वर्षीय एक लड़की और उसके माता-पिता ने जहर खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पीडि़तों की पहचान, हेमंत चटवानी, उनकी पत्नी रजनी उर्फ कांता (45 साल) और बेटी दीक्षा (21 साल) के तौर पर हुई है।
बोरखेड़ा पुलिस थाना के प्रभारी राम किशन ने बताया कि चटवानी, उनकी पत्नी और उनकी बेटी ने कल शाम पांच बजे के करीब आदित्य आवास इलाके स्थित अपने घर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि तीनों को महाराव भीम सिंह (एमबीएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां कल रात इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
किशन ने बताया कि उसके पास से कोई सुसाइड नोट नही मिला है। हालांकि शुरूआती जांच से पता चला है कि करीब एक साल पहले दीक्षा की सगाई जयपुर के एक लड़के से हुई थी लेकिन 30 दिसम्बर को उसने कथित तौर पर फोन पर सगाई तोड़ ली थी।
उन्होंने बताया कि हेमंत के पिता सुरेन्द्र चटवानी की ओर से दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर जयपुर के मालवीय नगर इलाके में रहने वाले उसके मंगेतर कमल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। शवों को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।