1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus से जुड़ी अच्छी खबर! देश में अबतक 50 लाख से ज्यादा मरीज हो चुके हैं ठीक

Coronavirus से जुड़ी अच्छी खबर! देश में अबतक 50 लाख से ज्यादा मरीज हो चुके हैं ठीक

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 28, 2020 04:35 pm IST,  Updated : Sep 28, 2020 04:35 pm IST

मंत्रालय ने कहा, "भारत में महामारी को मात देने वाले लोगों की संख्या आज 50 (50,16,520) लाख का आंकड़ा पार कर गई। भारत में हर दिन बड़ी संख्या में लोगों के ठीक होने का सिलसिला जारी है।" 

good news more than 50 lakh recovered from coronavirus in india । Coronavirus से जुड़ी अच्छी खबर! दे- India TV Hindi
Coronavirus से जुड़ी अच्छी खबर! देश में अबतक 50 लाख से ज्यादा मरीज हो चुके हैं ठीक Image Source : PTI (FILE)

नई दिल्ली. भारत में कोरोना वायरस संक्रमण को मात देने वाले लोगों की संख्या सोमवार को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई। इस तरह महामारी को शिकस्त देने वालों की संख्या उपचाराधीन मामलों के मुकाबले पांच गुना से भी अधिक हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एक जून तक देश में केवल एक लाख लोग संक्रमणमुक्त हुए थे जिसमें अब काफी वृद्धि हुई है और आखिरी 10 लाख लोग केवल 11 दिन में ठीक हुए हैं।

एक्टिव मामलों से पांच गुना है ठीक हो चुके लोग

मंत्रालय ने कहा, "भारत में महामारी को मात देने वाले लोगों की संख्या आज 50 (50,16,520) लाख का आंकड़ा पार कर गई। भारत में हर दिन बड़ी संख्या में लोगों के ठीक होने का सिलसिला जारी है।" मंत्रालय की तरफ से आगे कहा गया, "देश में संक्रमणमुक्त हुए लोगों की संख्या उपचाराधीन मामलों के मुकाबले पांच गुना से भी अधिक है। मरीजों के ठीक होने में आई तेजी के साथ, एक महीने में मरीजों के ठीक होने में करीब 100 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।"

15 राज्य/UT में ठीक होने की दर राष्ट्रीय दर से अधिक
मंत्रालय ने कहा कि 15 राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों में मरीजों के ठीक होने की दर राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों के ठीक होने की दर से अधिक है। ठीक हुए मामलों में से 78 प्रतिशत मामले 10 राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों से हैं, जिनमें सबसे अधिक लोग महाराष्ट्र से हैं और फिर उसके बाद आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु में सर्वाधिक लोग ठीक हुए हैं।

मास्क/फेस कवर बेहद जरूरी
मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 84 प्रतिशत लोग 10 राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों से हैं। रविवार को सामने आए मौत के मामलों से से 36 प्रतिशत लोग महाराष्ट्र के थे जहां 380 लोगों की जान गई। इसके बाद तमलिनाडु में 80 और कर्नाटक में 73 लोगों की मौत हुई। मंत्रालय ने भौतिक दूरी के नियम का सख्ती से पालन करने, हाथों की स्वच्छता, सार्वजनिक स्थानों पर मास्क/फेस कवर पहनने की अपनी अपील एक बार फिर दोहराई।

अबतक 60 लाख से ज्यादा हो चुके हैं संक्रमित
मंत्रालय के अनुसार भारत में कोविड-19 के 82,170 नए मामले सामने आने से सोमवार को संक्रमित लोगों की कुल संख्या 60 लाख के आंकड़े को पार कर गई, जबकि 74,893 लोगों के संक्रमणमुक्त होने से देश में अब तक ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर लगभग 50.17 लाख हो गई है। 

एक लाख के करीब मृतकों की संख्या
आंकड़ों के मुताबिक, देश में संक्रमण से 1,039 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 95,542 हो गई। देश में अभी 9,62,640 मरीजों का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 15.85 प्रतिशत है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 60,74,702 हो गई है। इनमें से 50,16,520 लोग बीमारी से उबर चुके हैं। इससे देश में मरीजों के ठीक होने की दर 82.58 प्रतिशत हो गई है और मृत्यु दर घटकर 1.57 प्रतिशत रह गई है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत