नई दिल्ली: सर्च इंजन गूगल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने होम पेज डूडल को एनीमेटिड किरदारों की बजाय असल महिलाओं की उपस्थिति से सजाया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को पूरी दुनिया में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को प्रेरित करना और उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाना है।
गूगल ने अपने होम पेज पर एक छोटी सी वीडियो पोस्ट की, जिसमें कुछ महिलाएं व युवतियां अपनी महत्वकांक्षाओं को 'मैं एक दिन ऐसा करूंगी' कहकर बयां कर रही हैं।
इस डूडल की सह-निर्माता लियात बेन-राफेल ने 'मिरर' समाचारपत्र की वेबसाइट को बताया कि उनके लिए डूडल के वीडियो में एनीमेटिड किरदारों की बजाय असली चेहरों को लेना जरूरी था। आमतौर पर डूडल में एनीमेटिड किरदार दिखते हैं।
उन्होंने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उन महिलाओं का जश्न या गुणगान है, जो भविष्य बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं और इसलिए मेरे लिए इस बात का ख्याल रखना जरूरी था कि हम उस जश्न को असली महिलाओं के साथ मनाएं।"
गूगल उपयोगकर्ता डूडल की इस खास वीडियो को होम पेज पर प्ले बटन पर क्लिक कर देख सकते हैं।