नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आपातकाल को भारत के इतिहास के सबसे अंधकारमय समय में से एक करार दिये जाने के बाद कांग्रेस ने आज सरकार पर देश में अघोषित आपातकाल लागू करने का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रवक्ता शोभा ओझा ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, केन्द्र में काम कर रही सूट बूट की सरकार ने एक तरह से देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया है। और लालकृष्ण आडवाणी जैसे पार्टी के नेताओं ने इसी तरह की राय और आशंका जाहिर की है। उन्हें नेतृत्व पर भरोसा नहीं कि देश में आपातकाल घोषित नहीं किया जायेगा।
ओझा ने साथ ही कहा कि इसी तरह भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने अपनी राय जाहिर की है कि उनकी पार्टी के बुजुर्ग नेताओं को ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा इसलिए यह स्पष्टरूप से जाहिर करता है कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कहीं न कहीं स्वीकार किया है कि अघोषित आपातकाल लागू किया गया है।
ललित मोदी प्रकरण पर सरकार के खिलाफ हमले तेज करते हुए ओझा ने कहा, यह भाजपा का असली चेहरा है। वे भ्रष्ट एवं भगोड़ों की मदद करते हैं । वे वसुंधरा राजे जेसे लोगों को संरक्षण देते हैं ताकि उनकी सचाई देश के अधिकारियों के समक्ष नहीं आ पाये।