नई दिल्ली: सेंसर बोर्ड में बदलाव के लिए सरकार ने एक समिति बनाई है जिसकी कमान मशहूर फिल्मकार श्याम बेनेगल को सौंपी गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) या सेंसर बोर्ड को नया रूप देने की योजना के साथ अमेरिका जैसे दूसरे देशों में अपनाए गए मॉडलों पर भी ध्यान देने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
हाल के दिनों में सेंसर बोर्ड का कामकाज विवादों में रहा है। समिति अपनी रिपोर्ट 2 महीने में सौंपेगी। इस समिति में फिल्म निर्माता राकेश ओमप्रकाश मेहरा, विज्ञापन निर्माता पीयूष पांडेय और फिल्म समीक्षक भावना सोमाया शामिल हैं। इसके अलावा समिति में प्रबंध निदेशक, राष्ट्रीय फिल्म विकास परिषद नीना लाथ गुप्ता और संयुक्त सचिव (फिल्म) संजय मूर्ति भी हिस्सा होंगे।
यहां सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि समिति का गठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप किया गया है। बयान में कहा गया है कि उम्मीद है कि इस समिति की सिफारिशों से एक समग्र ढांचा प्राप्त होगा जिससे फिल्म के प्रमाणन के कार्य में लगे लोग अपनी जिम्मेदारियों का इस ढांचे के अनुरूप निर्वहन कर सकेंगे।
बयान में कहा गया है, ‘उम्मीद है कि समिति अपनी चर्चा के दौरान विश्व के विभिन्न हिस्सों में अपनायी जाने वाले सर्वश्रेष्ठ प्रथाओं पर गौर करेगी, विशेष तौर पर वहां जहां फिल्म को रचानात्मकता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति का पर्याप्त मौका दिया जाता है।’