1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IAF पायलट अभिनंदन के माता-पिता का विमान में सवार यात्रियों ने तालियों से किया स्वागत

IAF पायलट अभिनंदन के माता-पिता का विमान में सवार यात्रियों ने तालियों से किया स्वागत

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 01, 2019 01:05 pm IST,  Updated : Mar 01, 2019 01:05 pm IST

पायलट वर्तमान को बुधवार को उस समय पकड़ लिया गया जब उनके मिग 21 विमान को मार गिराया गया और वह पाकिस्तान की ओर उतरे।

IAF पायलट अभिनंदन के माता-पिता का विमान में सवार यात्रियों ने तालियों से किया स्वागत- India TV Hindi
IAF पायलट अभिनंदन के माता-पिता का विमान में सवार यात्रियों ने तालियों से किया स्वागत

नयी दिल्ली: चेन्नई से दिल्ली जा रहा एक विमान जब आधी रात के बाद गंतव्य पर रुका तो किसी को बैग निकालने या बाहर जाने की जल्दबाजी नहीं थी क्योंकि सभी की निगाहें भारतीय वायु सेना के पायलट अभिनंदन वर्तमान के माता-पिता पर टिकी हुई थीं। एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) एस वर्तमान और डॉ. शोभा वर्तमान के सम्मान में शुक्रवार तड़के विमान में सवार यात्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाई और उन्हें पहले उतरने दिया।

पाकिस्तान में बुधवार को पकड़े गए अभिनंदन के शुक्रवार को रिहा करने की उम्मीद है। सोशल मीडिया पर यात्रियों द्वारा साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में अपने बेटे को घर ले जाने के लिए अमृतसर जाने के वास्ते दिल्ली पहुंचे दंपत्ति को सिर झुकाकर लोगों का अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है। विमान आधी रात के बाद दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरा।

दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद दंपत्ति अमृतसर के लिए रवाना हो गया। वे वाघा सीमा पर अपने बेटे का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। पायलट वर्तमान को बुधवार को उस समय पकड़ लिया गया जब उनके मिग 21 विमान को मार गिराया गया और वह पाकिस्तान की ओर उतरे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने का संकेत देते हुए बृहस्पतिवार को घोषणा की कि भारतीय पायलट को रिहा किया जाएगा।

अभिनंदन का परिवार द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से कई पीढ़ियों से ही भारतीय वायु सेना में सेवा देता रहा है। परम विशिष्ट सेवा पदक समेत कई सम्मान पा चुके एयर मार्शल एस वर्तमान ने एक संदेश में कहा, ‘‘अभि जिंदा है, घायल नहीं है, होश में है जैसा कि उसके बहादुरी से बात करने से पता चलता है। वह एक सच्चा सैनिक है। हमें उस पर बहुत गर्व है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत