1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Mumbai Rains: मुंबई में तीसरे दिन भी बारिश जारी, IMD ने जारी किया अलर्ट, 4 मीटर उंची लहरों की चेतावनी

Mumbai Rains: मुंबई में तीसरे दिन भी बारिश जारी, IMD ने जारी किया अलर्ट, 4 मीटर उंची लहरों की चेतावनी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 30, 2019 08:20 am IST,  Updated : Jun 30, 2019 08:20 am IST

मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में तीसरे दिन भी बारिश जारी है। ऐसे में मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाईड की चेतावनी जारी की है।

Heavy rain and high tide alert in Mumbai- India TV Hindi
Heavy rain and high tide alert in Mumbai (File Photo) Image Source : PTI

मुंबई: मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में तीसरे दिन भी बारिश जारी है। ऐसे में मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाईड की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र किनारे नहीं जाने की हिदायत दी है। IMD (मौसम विभाग) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि समंदर में करीब 4 मीटर ऊंची लहरे भी आ सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो हो सकता है कि समंदर का पानी शहर की सड़कों तक भी पहुंच जाए। 

मुंबई और आस-पास के हालात पिछले दो दिनों से ऐसे ही हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि बारिश से शहर में सामान्य जीवन भले ही ज्यादा प्रभावित न हुआ हो लेकिन बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम पांच व्यक्ति घायल हो गए। मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें काफी हद तक इससे अप्रभावित रहीं और अपने समय से चल रहीं हैं।

हालांकि, मौसम विभाग के भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर मध्य रेलवे ने मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली कुछ पैसेंजर एवं एक्सप्रेट ट्रेनों को रद्द कर दिया। मध्य रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुंबई-पुणे प्रगति एक्सप्रेस, मुंबई-पुणे सिंहगड एक्सप्रेस, भुसावल-मुंबई पैसेंजर, पुणे-पनवेल पैसेंजर को शनिवार और रविवार को रद्द कर दिया गया। भुसावल-पुणे एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दौंड-मनमाड़ की तरफ से कर दिया गया। 

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के मुताबिक शहर के विभिन्न हिस्सों से शॉर्ट सर्किट के 39, पेड़ उखड़ने या टहनियां गिरने की 104 घटनाएं सामने आईं हैं। उन्होंने बताया कि शहर में दीवार गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच व्यक्ति घायल हो गए। वहीं, खबर ये भी है कि बारिश के दौरान करंट लगने से गोरेगांव में 2 और अंधेरी में एक शख्स की मौत भी हो गई। बता दें कि ये आंकड़े शनिवार की शाम तक मिली जानकारी के आधार पर लिखे गए हैं।

मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार से हो रही बारिश तो सिर्फ ट्रेलर भर थी। विभाग के मुताबिक, मुंबई में आज भी भारी बारिश होने की संभावना है। आलम ये है कि मछुआरों को समुद्र में ज़्यादा अंदर ना जाने की हिदायत तक दी गई है। मुंबई के अलावा पुणे में भी बारिश अपने कहर बरपा रही है। पुणे में लगातार बारिश के कारण शुक्रवार की रात को एक आवासीय परिसर के दीवार के झोपड़ियों पर गिर जाने की घटना में चार बच्चों सहित कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। 

पुलिस ने बताया कि निर्माण स्थल पर काम करने वाले मजदूरों के लिए यह झोपड़ियां बनाई गई थी। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण दीवार गिर गई। पुणे में शुक्रवार को 73.1 मिमी बारिश हुई थी। 2010 के बाद जून में हुई यह दूसरी सबसे अधिक बारिश है।

(इनपुट- भाषा और ANI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत