1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस को लेकर आज फिर आई अच्छी खबर

कोरोना वायरस को लेकर आज फिर आई अच्छी खबर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 13, 2020 04:28 pm IST,  Updated : Dec 13, 2020 04:29 pm IST

भारत में पिछले कुछ हफ्तों से कोविड-19 के मामलों में कमी आने का सिलसिला जारी है और देश में कुल मामलों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर अब महज 3.62 फीसदी रह गई है।

भारत में कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 3.62 फीसदी रह गई: स्वास्थ्य मंत्रालय- India TV Hindi
भारत में कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 3.62 फीसदी रह गई: स्वास्थ्य मंत्रालय Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारत में पिछले कुछ हफ्तों से कोविड-19 के मामलों में कमी आने का सिलसिला जारी है और देश में कुल मामलों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर अब महज 3.62 फीसदी रह गई है। यह जानकारी रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। रोजाना स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या, नये मामलों से ज्यादा होने के कारण भारत में वर्तमान में उपचाराधीन रोगियों की संख्या महज तीन लाख 56 हजार 546 रह गई है। 

मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 30,254 मामले सामने आए जबकि इसी दौरान 33,136 मरीज स्वस्थ हुए। इससे एक दिन में कुल मामलों में 3273 की कमी आई है। इसने कहा कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां पिछले सात दिनों में प्रति दस लाख की आबादी पर सबसे कम मामले सामने आए हैं। दुनिया में यह प्रति दस लाख की आबादी पर 158 है। 

मंत्रालय ने कहा, ‘‘अभी तक 93,57,464 लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं। स्वस्थ हुए मरीजों और उपचाराधीन रोगियों के बीच का अंतर धीरे-धीरे बढ़ रहा है और यह अभी तक 90 लाख (90,00,918) को पार कर चुका है।’’ इसने कहा कि स्वस्थ हुए नये मरीजों में 75.23 फीसदी दस राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। केरल में कोविड-19 से 5268 व्यक्ति ठीक हुए जबकि महाराष्ट्र में 3949 लोग स्वस्थ हुए हैं।

दिल्ली में रोजाना 3191 व्यक्ति ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी किये गए आंकड़े के मुताबिक, कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 98,57,029 हो गई है, जिसमें 30,254 व्यक्ति एक दिन में संक्रमित हुए हैं, जबकि 391 लोगों की मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या 1,43,019 हो गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत