1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इंद्राणी की हालत नाजुक, फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट अलग-अलग

इंद्राणी की हालत नाजुक, फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट अलग-अलग

 Written By: India TV News Desk
 Published : Oct 04, 2015 09:56 am IST,  Updated : Oct 04, 2015 10:03 am IST

मुंबई: शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है लेकिन उस पर इलाज का असर हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने आज यह जानकारी दी। सरकारी जे जे

इंद्राणी की हालत...- India TV Hindi
इंद्राणी की हालत नाजुक, फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट अलग-अलग

मुंबई: शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है लेकिन उस पर इलाज का असर हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने आज यह जानकारी दी। सरकारी जे जे अस्पताल के डीन डा. टी पी लहाने ने बताया कि इंद्राणी को होश नहीं आया है और डाक्टर उसे होश में लाने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं और अगले 48 घंटे बहुत अहम हैं।

लहाने ने आज सुबह बताया, उसे होश नहीं आया है लेकिन हम अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं। इंद्राणी की हालत अभी भी नाजुक है लेकिन उस पर इलाज का असर हो रहा है। हम उसके स्वास्थ्य पर करीब से नजर रख रहे हैं।

उन्होंने बताया कि, इंद्राणी वेंटीलेटर पर नहीं है लेकिन उसे अभी आक्सीजन लगी हुई है क्योंकि वह अपने आप से सांस ले पाने में सक्षम नहीं है।

डॉ. लहाने ने बीती रात बताया था कि हिंदुजा अस्पताल से इंद्राणी के मूत्र के नमूने की एक रिपोर्ट में उनके शरीर में अवसाद रोधक दवा बेंजोडाइजेपाइन का स्तर अधिक होने की पुष्टि हुई है।

लहाने ने बताया सामान्य तौर पर अगर कोई मरीज अवसाद रोधी दवा ले रहा है तो उसके मूत्र में बेंजोडाइजेपाइन का स्तर 200 होता है। लेकिन हिंदुजा अस्पताल की रिपोर्ट के अनुसार, बेंजोडाइजेपाइन का स्तर 2088 पाया गया। दवा की अधिक खुराक के लिए रिपोर्ट पॉजिटिव है। मिर्गी रोधक दवाओं को पहले ही नकारा जा चुका है।

मीडिया की जानी मानी हस्ती पीटर मुखर्जी की पत्नी इंद्राणी को खार पुलिस ने अपनी पहली शादी से पैदा हुई बेटी शीना बोरा की वर्ष 2012 में हुई हत्या में कथित भूमिका को लेकर 25 अगस्त को गिरफ्तार किया था।

इंद्राणी की 24 वर्षीय बेटी का बांद्रा में नेशनल कालेज के बाहर से अपहरण कर लिया गया था और एक कार में इंद्राणी, उसके पूर्व पति संजीव खन्ना तथा ड्राइवर श्यामवर राय ने कथित रूप से गला घोंट कर हत्या कर दी थी।

इंद्राणी के वकील ने अस्पताल में उससे मिलने की अनुमति हासिल करने के लिए स्थानीय अदालत में याचिका दाखिल की है और अदालत ने उसकी हालत के बारे में फिर से रिपोर्ट मांगी है।

सुनवाई के दौरान शीना बोरा हत्याकांड की जांच को अपने हाथ में लेने वाली CBI ने अदालत को बताया कि जांच शुरूआती चरण में है और अपराध की गंभीरता बहुत अधिक है ।

इस बीच , मुख्य गृह सचिव, विजय सतबीर सिंह ने बताया कि जांच कई पहलुओं को ध्यान में रख कर की जा रही है कि क्या इंद्राणी ने जिस दवा या किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया, उसका नुस्खा डॉक्टरों ने लिखा था और क्या दवा की खुराक ज्यादा थी, तो यह कैसे हुआ?

उन्होंने कहा कि, जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या कोई लापरवाही बरती गई और अगर ऐसा है तो इसके लिए जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सिंह ने कहा था, होश में आने के बाद वह जो बयान देंगी उससे इस बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी कि वह कैसे बेहोश हुईं और यदि दवा की अधिक खुराक ली गयी है तो ऐसा कैसे हुआ? यदि इसमें कोई आपराधिक तत्व है तो दोषियों के खिलाफ मामला दायर किया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत