मोगा: पंजाब के मोगा जिले में गुरू ग्रंथ साहिब के अपमान की एक नई घटना सामने आई है। हाल ही में ऐसे मामलों को लेकर राज्य में काफी विरोध प्रदर्शन हुआ है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पवित्र पुस्तक के तीन फटे हुए पन्ने जिले के बाघापुराना इलाके के मालेके गांव में पाए गए। गांव में बड़ी संख्या में स्थानीय और बाहरी लोग एकत्र हो गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल को गांव में भेज दिया गया है। गांव के लोग पुलिस को फटे हुए पन्ने एकत्र करने नहीं दे रहे थे। वे चाहते थे कि ग्रंथी मौके पर पहुंचें।
पंजाब में हाल ही में अपवित्रीकरण की कई घटनाओं के चलते लगातार विरोध प्रदर्शन हुए हैं। इन घटनाओं की शुरूआत फरीदकोट के बरगाड़ी से हुई थी। ऐसे ही एक विरोध प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़पों में दो लोग मारे गए थे। पंजाब पुलिस ने फरीदकोट में धर्मग्रंथ की अपमान की घटना और पुलिस की गोलीबारी में मारे गए दो लोगों की मौत की जांच CBI को सौंप दी है।