‘ये तो महाजंगलराज है’
एक हफ्ते में हत्या की दो सनसनीखेज वारदात ने बिहार में राजनीतिक तापमान फिर से गरमा दिया है। सिवान में हिंदुस्तान अख़बार के पत्रकार राजदेव रंजन की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में अब सियासत सिर उठाने लगी है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार विरोधियों के सीधे निशाने पर हैं। बीजेपी का कहना है कि बिहार में महाजंगलराज है।
BJP झारखंड में हुई वारदात पर चुप क्यों?
जो बीजेपी बिहार में पत्रकार की हत्या के लिए नीतीश के सुशासन को कटघरे में खड़ा कर रही है, उसी के रघुवर राज में भी एक पत्रकार का मर्डर हुआ। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव फौरन झारखंड के चतरा पहुंच गए जहां शुक्रवार को एक न्यूज चैनल के पत्रकार इंद्रदेव यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लालू ने सवाल उठाया कि बिहार सरकार पर सवाल उठाने वाली बीजेपी झारखंड में हुई वारदात पर चुप क्यों है?
इधर लालू यादव को गया जाने की फुर्सत नहीं है जहां आदित्य नाम के छात्र का मर्डर हुआ उधर बीजेपी को झारखंड के पत्रकार की हत्या में जंगलराज जैसा कोई विशेषण नहीं दिख रहा। लेकिन उसी बीजेपी के नेता सुशील मोदी तुरंत सिवान पहुंच गए। उन्होंने मारे गए पत्रकार राजदेव रंजन के घरवालों से मुलाकात की। बीजेपी नेताओं ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग उठा दी।