1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर: मुठभेड़ में जैश कमांडर समेत चार आतंकी ढेर, सेना का जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर: मुठभेड़ में जैश कमांडर समेत चार आतंकी ढेर, सेना का जवान शहीद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 09, 2017 11:30 pm IST,  Updated : Oct 09, 2017 11:30 pm IST

शोपियां में एक मुठभेड़ में प्रमुख आतंकी जाहिद सहित हिजबुल मुजाहिद्दीन के तीन आतंकी मारे गए और बारामुला जिले में जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया।

Shopian encounter- India TV Hindi
Shopian encounter Image Source : PTI

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को आज दोहरी सफलता हासिल हुई जब शोपियां में एक मुठभेड़ में प्रमुख आतंकी जाहिद सहित हिजबुल मुजाहिद्दीन के तीन आतंकी मारे गए और बारामुला जिले में जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया। राज्य के बडगाम जिले में आतंकवादियों के साथ एक संक्षिप्त मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी शहीद हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उन्होंने बारामुला जिले के लदूरा इलाके को चारों ओर से घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया। 

उन्होंने बताया कि एक तलाशी दल पर गोली चलायी गयी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। जवाबी कार्वाई में जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया गया। उसकी पहचान खालिद उर्फ शाहिद शौकत के रूप में हुई है। पुलिस के प्रवक्ता ने आज बताया कि ऐसा समझा जाता है कि मारा गया आतंकवादी इस महीने की शुरूआत में श्रीनगर हवाईअड्डे के निकट बीएसएफ के एक शिविर पर और पिछले महीने पुलवामा में जिला पुलिस लाइन्स पर हुए फिदायीन हमले का मास्टरमाइंड था। 

उन्होंने बताया, वह बारामूला के खाजाबाग में 46 आरआर सैन्य शिविर पर 2016 में हुये फिदायीन हमले में भी शामिल था। प्रवक्ता ने बताया कि खालिद सुरक्षा बलों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमले की संभावनाएं टटोलता था। उन्होंने बताया कि वह युवाओं को धन का लालच दे कर अपने गुट में शामिल होने के लिए उकसाता था ताकि वे युवा पाक स्थित आतंकी कमांडरों की ओर से ग्रेनेड हमले कर सकें। 

इसी बीच पुलिस ने बताया कि शोपियां जिले के केल्लर इलाके में सुरक्षा बलों के साथ एक अन्य मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिद्दीन के तीन आतंकी मारे गए। 

एक अधिकारी ने बताया कि मारे गए आतंकियों में हिजबुल मुजाहिद्दीन का मुख्य आतंकी जाहिद शामिल है। दो अन्य की पहचान इरफान और आसिफ के रूप में हुई है। 

इस बीच बडगाम जिले में एक अन्य मुठभेड़ में एक सैनिक शहीद हो गया। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि बडगाम के खाग इलाके में आतंकियों के साथ हुई संक्षिप्त मुठभेड़ में एक सीजेओ शहीद हो गया जिसकी पहचान सूबेदार राज कुमार के तौर पर हुई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत