नई दिल्ली. गुरुवार को देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की अपील की थी। इसी कड़ी में दिल्ली मेट्रो ने 22 मार्च को सेवाएं न देने का फैसला किया है। दिल्ली मेट्रो की तरफ से जारी की गई प्रेस रिलीज में कहा गया है कि ‘जनता कर्फ्यू’के मद्देनजर इस रविवार को यानी 22 मार्च 2020 को दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने अपनी सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है।
प्रेस रिलीज में आगे कहा गया है कि इस कदम का उद्देश्य जनता को घर के अंदर रहने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है, जो कोविद -19 के खिलाफ लड़ाई में आवश्यक है।
आपको बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार शाम देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुबह सात से रात नौ बजे तक देशहित में लोग इस दिन बाहर न निकलें। उन्होंने कहा, "22 मार्च को जनता-कर्फ्यू की सफलता, इसके अनुभव, हमें आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार करेंगे। ये कोरोना जैसी महामारी के खिलाफ भारत कितना तैयार है, ये देखने और परखने का भी समय है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरी अपील में कहा कि कोरोना के खतरों के बीच भी तमाम लोग आवश्यक सेवाओं को संचालित करने में जुटे हैं, उनके प्रति 22 मार्च को शाम पांच बजे पांच मिनट के लिए घर के सामने या बालकनी में खड़े होकर लोग आभार प्रकट करें। स्थानीय प्रशासन पांच बजे सायरन की आवाज से इसकी सूचना लोगों तक पहुंचाए।