नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्र उमर खालिद और अनिर्बन भट्टाचार्य की न्यायिक हिरासत मंगलवार को एक अदालत ने 29 मार्च तक बढ़ा दी। ये दोनों जेएनयू में आयोजित एक कार्यक्रम में कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाने को लेकर राजद्रोह के मामले का सामना कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि पहले मिली न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर सुरक्षा कारणों से दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
दोनों छात्रों ने विश्वविद्यालय के गेट के बाहर पिछले माह पुलिस के समक्ष समर्पण किया था। जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को राजद्रोह के मामले में ही 12 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। उसके तत्काल बाद खालिद और भट्टाचार्य के खिलाफ वसंत कुंज थाने में मामला दर्ज किया गया था।
विश्वविद्यालय परिसर में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ उसकी तीसरी बरसी पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उसी कार्यक्रम में कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाए गए थे। कन्हैया जमानत पर जेल से बाहर है।