1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राम मंदिर आंदोलन के नायक को PM मोदी का नमन, बोले- कल्याण सिंह जीवन भर जनकल्याण के लिए जिये

राम मंदिर आंदोलन के नायक को PM मोदी का नमन, बोले- कल्याण सिंह जीवन भर जनकल्याण के लिए जिये

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 22, 2021 11:57 am IST,  Updated : Aug 24, 2021 12:43 pm IST

राम मंदिर आंदोलन के नायक रहे कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने प्रधानमंत्री मोदी लखनऊ पहुंचे। इस दौरान पीएम ने कहा, कल्याण सिंह ने जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित किया और अपने नाम को सार्थक किया।

राम मंदिर आंदोलन के...- India TV Hindi
राम मंदिर आंदोलन के नायक को PM मोदी का नमन, बोले- कल्याण सिंह जीवन भर जनकल्याण के लिए जिये Image Source : TWITTER- ANI

लखनऊ: राम मंदिर आंदोलन के नायक रहे कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंचे। प्रधानमंत्री इस समय मॉल एवेन्यू में मौजूद कल्याण सिंह के आवास पर हैं। लंबी बीमारी के बाद कल रात यूपी के पूर्व सीएम और बीजेपी के दिग्गज नेता कल्याण सिंह का निधन हो गया था। मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी ने कहा, कल्याण सिंह ने जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित किया और अपने नाम को सार्थक किया। कल्याण सिंह के सपनों को पूरा करना होगा। देश ने सामर्थ्यवान नेता खो दिया, प्रभु राम कल्याण सिंह जी को अपने चरणों में स्थान दे।

पीएम ने कहा, ''हम सबके लिए यह शोक की घड़ी है। कल्याण सिंह जी के माता पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था, उन्होंने अपने नाम को सार्थक किया। वो जीवन भर जन कल्याण के लिए जिए, उन्होंने जनकल्याण ही अपना जीवन मंत्र बनाया और भारतीय जनता पार्टी भारतीय जन संघ, पूरे परिवार को एक विचार के लिए देश के उज्जवल भविष्य के लिए उन्होंने समर्पित किया। कल्याण सिंह जी भारत के कोने कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे एक प्रतिवक्त निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे और जीवन के अधिकतम समय वे जनकल्याण के लिए हमेशा प्रत्यत्नरत रहे।''

पीएम ने आगे कहा, ''उनको जभी जो दायित्व मिला, चाहे वो विधायक के रूप में हो, चाहे सरकार में उनका स्थान हो, चाहे गवर्नर की जिम्मेदारी हो हमेशा हरेक के लिए प्रेरणा का केंद्र बने। वह जनसामान्य के विश्वास का प्रतीक बने। देश ने एक मूल्यवान व्यक्तित्व, एक सामर्थ्यवान नेता खोया है। हम उनकी भरपायी के लिए उनके आदर्शों और संकल्पों को लेकर अधिकतम पुरुषार्थ करें और उनके सपनों को पूरा करने में कोई कमी न रखें। मैं प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि प्रभु राम कल्याण सिंह जी को अपने चरणों में स्थान दें तथा इस दुख की घड़ी में दुख को सहन करने की परिवार को शक्ति दे।''

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का शनिवार रात करीब सवा नौ बजे लखनऊ में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही दिग्गजों का तांता लगा हुआ है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी आज सुबह कल्याण सिंह के पोते के सरकारी आवास पर पहुंचे और कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने पहुंचीं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत