1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कापू आरक्षण: आंध्र प्रदेश में कई ट्रेनें रद्द, कुछ के समय में बदलाव

कापू आरक्षण: आंध्र प्रदेश में कई ट्रेनें रद्द, कुछ के समय में बदलाव

 Written By: IANS
 Published : Feb 01, 2016 02:59 pm IST,  Updated : Feb 01, 2016 03:32 pm IST

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के तुनि नगर के पास रविवार को कापू आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों के एक ट्रेन को आग लगाने के बाद ट्रेनों का आवागमन बाधित है।

andhra pradesh- India TV Hindi
andhra pradesh

हैदराबाद: आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के तुनि नगर के पास रविवार को कापू आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों के एक ट्रेन को आग लगाने के बाद ट्रेनों का आवागमन बाधित है। साउथ सेंट्रल रेलवे ने सोमवार को कुछ ट्रेनें रद्द कर दी और कुछ के समय में फेरबदल किया। कापू समुदाय के लोगों द्वारा अवरोध खत्म करने के बाद विजयवाड़ा डिविजन पर विजयवाड़ा-राजामुंद्री-विशाखापत्तनम सेक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही बहाल कर दी गई। कई ट्रेनें पांच से छह घंटे की देरी से चल रही थीं। इस वजह से अधिकारियों को कुछ ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं और कुछ के समय में फेरबदल करना पड़ा।

कापू समुदाय के लोगों ने रविवार को आरक्षण मिलने में हो देरी के विरोध में तुनि रेलवे स्टेशन के निकट रत्नाचल एक्सप्रेस को आग लगा दी। इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ, लेकिन एक्सप्रेस की 24 बोगियां जलकर खाक हो गईं।

सोमवार शाम 5:15 बजे हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली हैदराबाद-विशाखापत्तनम गोदावरी एक्सप्रेस रद्द कर दी गई है। मंगलवार को विजयवाड़ा के लिए 06.50 बजे रवाना होने वाली विजयवाड़ा-विशाखापत्तनम रत्नाचल एक्सप्रेस और मंगलवार को 12.40 बजे विशाखापत्तनम के लिए रवाना होने वाली विशाखापत्तनम-विजयवाड़ा रत्नाचल एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई है।

सोमवार को 18.05 बजे सिकंदराबाद के लिए रवाना होने वाली सिकंदराबाद-तिरुपति नरयांद्री एक्सप्रेस के समय में फेरबदल किया गया है। यह अब सोमवार को 20.30 बजे रवाना होनी है। विशाखापत्तनम के लिए सोमवार को 6.15 बजे रवाना होने वाली विशाखापत्तनम-सिकंदराबाद जन्मभूमि एक्सप्रेस 9.30 बजे रवाना हुई।

विशाखापत्तनम से सुबह 7.50 बजे रवाना होने वाली विशाखापत्तनम-नई दिल्ली आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस सुबह 11.30 बजे रवाना हुई।

साउथ सेंट्रल रेलवे ने यह भी घोषणा की कि पूर्व में रद्द की गईं और रूट डायवर्ट कर निकाली गई ट्रेनें बहाल हो गई हैं। साउथ सेंट्रल रेलवे ने घोषणा की कि सोमवार सुबह 8.40 बजे चेन्नई सेंट्रल के लिए रवाना होने वाली चेन्नई सेंट्रल-हावड़ा कोरोमंडल एक्सप्रेस अब सोमवार को 16.00 बजे रवाना होगी।

अगली स्लाइड में देखे वीडियो-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत