1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर: नेशनल कॉन्फ्रेंस के तीन नेताओं को रिहा किया गया

कश्मीर: नेशनल कॉन्फ्रेंस के तीन नेताओं को रिहा किया गया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 02, 2020 03:20 pm IST,  Updated : Feb 02, 2020 04:58 pm IST

रविवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के तीन नेताओं को रिहा कर दिया गया। जिन नेताओं को रिहा किया गया, उनके नाम माजिद लार्मी, गुलाम नबी भट और डॉक्टर मोहम्मद शफी है।

kashmir- India TV Hindi
Representational Image Image Source : PTI (FILE)

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद सूबे के कई नेताओं को नजरबंद किया गया था। अब इन नेताओं को धीरे-धीरे छोड़ा जा रहा है। रविवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के तीन नेताओं को रिहा कर दिया गया। जिन नेताओं को रिहा किया गया, उनके नाम माजिद लार्मी, गुलाम नबी भट और डॉक्टर मोहम्मद शफी है। इन तीनों के अलावा एक अन्य नेता मोहम्मद यूसूफ भट को भी रविवार को ही रिहा किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि रिहा किये गए नेताओं में से तीन नेशनल कान्फ्रेंस जबकि एक पीडीपी का है। उन्होंने कहा कि चारों को उनके घरों को भेज दिया गया है और उनसे फिलहाल अपने घरों तक ही सीमित रहने को कहा गया है। इन नेताओं को गत वर्ष पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त किये जाने के बाद कई अन्य नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ हिरासत में रखा गया था। 

अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त किये जाने के बाद हिरासत में रखे गए अन्य प्रमुख नेताओं में नेशनल कान्फ्रेंस के नेता फारुक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और जे के पीपुल्स कान्फ्रेंस नेता सज्जाद गनी लोन शामिल हैं। इन नेताओं को अभी भी रिहा नहीं किया गया है। फारुक अब्दुल्ला को जहां उनके गुपकर स्थित आवास में रखा गया है वहीं उनके पुत्र एवं नेशनल कान्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला को हरि निवास में हिरासत में रखा गया है। 

चश्माशाही हट्स में रखी गईं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती को अब श्रीनगर के बीचोंबीच स्थित एक सरकारी इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया है। फारुक अब्दुल्ला पर गत 17 सितम्बर को जन सुरक्षा अधिनियम लगाया गया था जिसे 16 दिसम्बर को तीन महीने के लिए नवीनीकृत कर दिया गया था।

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत