1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर-हिंसा में मरने वालों की संख्या हुई 23, अमरनाथ यात्रा बाधित

कश्मीर-हिंसा में मरने वालों की संख्या हुई 23, अमरनाथ यात्रा बाधित

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 11, 2016 01:42 pm IST,  Updated : Jul 11, 2016 03:36 pm IST

श्रीनगर: कश्मीर में हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद कर्फ्यूग्रस्त घाटी में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़पों में छह अतिरिक्त लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर

Srinagar- India TV Hindi
Srinagar

श्रीनगर: कश्मीर में हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद कर्फ्यूग्रस्त घाटी में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़पों में 8 अतिरिक्त लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है जबकि 400 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 20 प्रदर्शनकारी और एक पुलिसकर्मी शामिल है। जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने रविवार को शांति बनाए रखने की अपील की। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यहां सड़क पर प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की गोली से घायल शाबिर अहमद (27) की अस्पताल में मौत हो गई। यह शनिवार को शुरू हुए सरकार विरोधी प्रदर्शन में उत्तरी कश्मीर के बाहर सुरक्षा बलों की गोली से हुई पहली मौत है। यह घटना बटमालू में हुई, जिसे अलगाववादियों के गढ़ के रूप में जाना जाता है।

अमरनाथ यात्रा- 8000 बाबा बर्फानी के श्रद्धालु फंसे

इस बीच कश्मीर में जारी तनाव व खराब हालात के कारण जम्मू से घाटी जाने की अनुमति किसी भी तीर्थयात्री को नहीं दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "किसी भी तीर्थयात्री को आज जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से कश्मीर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।" अधिकारी ने बताया, "घाटी में कानून एवं व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण यात्रा रोकी गई है।"

पिछले 3 दिनों से यात्री हजारों की संख्या में बाबा बर्फानी के श्रद्धालु जम्मू में फंसे हुए हैं और कई दिक्कतों का सामना कर रहे हैं प्रशासन के मुताबिक जम्मू में इस वक्त तकरीबन 7000 से 8000 बाबा बर्फानी के श्रद्धालु फंसे हुए हैं जिन्हें अमरनाथ यात्री बेस कैंप के साथ-साथ अलग-अलग धर्मशालाएं और कमन्नुटि सेंटर में रोका गया है हालांकि वहां पर उनके खाने पीने की व्यवस्था लंगर द्वारा तो की गई है लेकिन जो लोग पिछले 3 दिनों से जम्मू में फंसे हुए हैं उन में सरकार के खिलाफ भारी रोष है।

उग्र भीड़ ने बुलेट प्रूफ वाहन को सतलुज में फेंका

उधर उत्तरी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों की ताजा गोलीबारी में फैयाज अहमद मीर की मौत हो गई। आतंकियों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन का लाभ उठाते हुए ग्रेनेड हमला किया, जिससे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के चार जवान घायल हो गए।

चार और मौतें दिन में इससे पहले हुई थीं। अनंतनाग जिले के संगम में एक उग्र भीड़ ने पुलिस के एक बुलेट प्रूफ वाहन को पलट दिया और उसे सतलुज नदी में धकेल दिया। इसमें चालक डूब गया, जबकि वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल से फरार हो गए।

सूत्रों के मुताबिक, बड़ी संख्या में सरकार विरोधी और आजादी सर्मथक नारे लगा रहे लोगों की भीड़ उमड़ने के बाद सुरक्षाबलों ने पुलवामा जिले के लिटर में गोलीबारी की, जिसमें दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।

3 पुलिसकर्मी लापता, 100 सुरक्षाकर्मी घायल

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलवामा जिले में रविवार को उग्र भीड़ द्वारा कर्फ्यू तोड़कर सुरक्षाबलों पर हमला किए जाने के बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई गोलीबारी में इरफान अहमद मलिक (17) की भी मौत हो गई। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि घाटी में हुई झड़पों में तीन पुलिसकर्मी लापता हैं और लगभग 100 सुरक्षाकर्मी घायल हैं।

गौरतलब है कि सुरक्षाबलों द्वारा शुक्रवार को एक मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी और उसके दो सहयोगियों को मार गिराए जाने के बाद घाटी में रोष व्याप्त है। वानी के जनाजे में हजारों की संख्या में लोग उमड़े।

वानी की मौत के बाद अनंतनाग, पुलवामा, कुलगाम और शोपियां में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए। वानी पुलवामा का ही रहने वाला था। कई स्थानों पर उग्र भीड़ ने सुरक्षाबलों पर हमले किए।

परिजनों से बच्चों को समझाने की अपील

जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने रविवार को युवा प्रदर्शनकारियों के परिजनों से अपने बच्चों को समझाने का आग्रह किया। शिक्षा मंत्री और सरकार के प्रवक्ता नईम अख्तर ने मीडिया से कहा, "हम परिजनों से आग्रह करते हैं कि वे अपने बच्चों को सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंकने जैसी घटना में शामिल होने से रोकें। सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंकने की वजह से उन्हें गोली चलानी पड़ती है, जिस वजह से निर्दोष लोगों को जान गंवानी पड़ती है।"

कश्मीर के संभागीय आयुक्त असगर हुसैन समून ने संवाददाताओं को कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लगा दिया गया है, जो शनिवार आधी रात से लागू है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद शनिवार को हुए संघर्षो में मारे गए लोगों में अनंतनाग से आदिल बशीर, दानिश अयूब, अब्दुल हामिद मूची, जहांगीर गनई, एजाज अहमद ठोकरू, अशरफ डार, शौकत अहमद, हसीब अहमद और साकिब मीर और कुलगाम से खुर्शीद अहमद, और शोपियां के आजाद हुसैन शामिल हैं।

अतिरिक्त महानिदेशक (सीआईडी) एस.एम.सहाय और पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) के सैयद जाविद मुजतबा गिलानी ने संवाददाताओं से कहा कि हिंसक भीड़ ने शनिवार को चार पुलिस थानों, दो पुलिस पिकेट और एक तहसीलदार कार्यालय में आग लगा दी।

मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की अध्यक्षता में रविवार को श्रीनगर में मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है, जिसमें राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा होगी। सरकार ने कहा कि वह हिंसा की वजह से घाटी में फंसे हजारों पर्यटकों को बाहर भेजने के लिए विमानों की व्यवस्था करने की कोशिश कर रही है।

यहां नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की और केंद्र से हर संभव सहायता का प्रस्ताव दिया।

गौरतलब है कि हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद अलाववादियों ने घाटी में बंद का आह्वान किया है, जो सोमवार तक जारी रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत