कोलकाता: मध्य कोलकाता में ढहे निर्माणाधीन फ्लाईओवर के मलबे से दो और शवों को निकालने के साथ ही दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 26 हो गई है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज बताया कि आज सुबह से चल रहे राहत कार्य के दौरान कोलकाता पुलिस आपदा प्रबंधन टीम ने अग्निशमन दल के साथ मलबे से दो और शवों को बाहर निकाला। कंक्रीट का यह मलबा दुर्घटना स्थल के पास संभवत: छोटे मंदिर का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना में जख्मी लोगों की संख्या 89 है। अधिकारी ने कहा, यह इलाका काफी महत्वपूर्ण है जहां सड़क के साथ ही आवासीय भवन भी हैं। हम मलबे से बदबू आ रही थी लेकिन राहत कार्य करते हुए हमें काफी सावधान रहना पड़ा...एक गलत कदम से फ्लाईओवर का दूसरा हिस्सा ढह जाता जिससे एक और दुर्घटना हो जाती।
आईपीएस अधिकारी ने आज निकाले गए दोनों शवों की पहचान के बारे में कहा कि उनके पहनावे से दोनों भिखारी लगते हैं जो मंदिर के पास बैठे होंगे। अधिकारी ने कहा, बदबू को देखते हुए लगता है कि मलबे के अंदर और शव पड़े होंगे। हम उनका पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
गौरलतब है कि निर्माणाधीन विवेकानंद फ्लाईओवर का करीब 60 मीटर लंबा हिस्सा 31 मार्च की दोपहर को ढह गया। पश्चिम बंगाल की सरकार ने दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है वहीं विपक्ष ने ममता बनर्जी सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।